रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 मई। राजधानी सहित प्रदेश में गर्मी और उमस का असर लगातार बना हुआ है। शहर में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है।
प्रदेश में उमस भरी गर्मी के बीच मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। विभाग ने गरियाबंद, धमतरी, बस्तर और कोंडागांव जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अगले चार दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इससे आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक तीखी होने की संभावना है ।
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
25 से नवतपा, 26 को मानसून केरल पहुंचने के आसार: राजधानी उमसभरी गर्मी के साथ ही 25 मई से नवतपा की शुरूआत हो रही है। इस बीच सूरज की तपिश बढ़ेगी। इस बीच मौसम विभाग ने 26 मई तक मानसून केरल तट पहुंचने का अनुमान लगाया है।


