रायपुर
मोबाइल लूट कर ले भागा बाइक सवार लुटेरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 मई। केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे को लेकर पूरी राजधानी हाई अलर्ट पर है। पुलिस की इसी सतर्कता को चीरते हुए बाइक सवार अज्ञात लुटेरों ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और विधायक धरमलाल कौशिक को लूट कर फरार हो गए। आज सोमवार सुबह श्री कौशिक सुबह 8.15 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। वे अकेले थे कोई पीएसओ साथ नहीं था। वे भारत माता चौक शंकर नगर ओवरब्रिज के नीचे से गुजर रहे थे। तभी एक बाइक सवार बदमाश पीछे से आया। उसने पहले कौशिक को धकेला । इससे कौशिक सम्हलने का प्रयास कर रहे थे तभी लुटेरे ने उनका मोबाइल फोन छीना और फरार हो गया। इसके बाद कौशिक ने पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद सिविल लाइन पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।
बता दें कि दो दिन पहले ही पंडरी गुरूद्वारा इलाके में एक युवक पर ब्लेड से हमला कर उसका मोबाइल लूट लिया गया था। शहर में लगातार मोबाइल लूट की घटनाएं बढ़ रही हैं।
यह घटना जिस स्थान पर हुई, वह राजधानी का हाई-प्रोफाइल मंत्रियों के सरकारी निवास का इलाका है । आनंद नगर में ही एक ओर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का दूसरी ओर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का घर स्थित है। ऐसे संवेदनशील इलाके में इस तरह की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक मानी जा रही है।
इस घटना पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया में सीएम साय के ‘डायल 112’ की 400 वाहनों के फ्लैग ऑफ के दौरान की तस्वीर साझा करते हुए कहा, ‘आप डायल 112 को हरी झंडी दिखाते रहिए, उधर धरमलाल कौशिक का मोबाइल छिनकर चोर 9-2-11 हो गए हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि ‘छत्तीसगढ़वासी अपनी सुरक्षा स्वयं करें। ‘सोचिए जरा, जब देश के गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ में हैं, उस समय मॉर्निंग वॉक के दौरान ऐसी घटना कथित सुशासन पर तमाचा है। विज्ञापनजीवी सरकार को अब तक समझ जाना चाहिए कि सुशासन तिहार नाम की चाशनी लपेटने से कड़वी सच्चाई का स्वाद नहीं बदलेगा।
संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राजधानी में लूट, डकैती चोरी चाकूबाजी की घटनाएं रूक नहीं रहीं हैं। पुलिस का काम केवल आम लोगों को ट्रैफिक के चालान भेजना रह गया है। अपराधी बेलगाम हो गए हैं।
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने घटना को लेकर कहा, ‘कुछ लोग अपना खर्चा निकालने के लिए इस तरह के काम करते हैंं। इनकी नियत खराब होती है, इसलिए मोबाइल चोरी कर ले जाते हैं। पुलिस से निवेदन करुंगा कि कि उस चोर को जल्द पकड़ा जाए।


