रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 मई। ट्रेन में यात्रा के दौरान यात्री का बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। जीआरपी रायपुर ने कल्याण जीआरपी से प्राप्त केस डायरी के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक महाराष्ट्र के ठाणे निवासी भोला नाग 20 अप्रैल को टाटानगर से कल्याण जाने के लिए गीतांजलि एक्सप्रेस के एस-5 कोच में सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान झारसुगुड़ा स्टेशन के पास वह सो गए। 21 अप्रैल की सुबह 6.40 बजे ट्रेन रायपुर स्टेशन पहुंची। इस दौरान देखा कि हुक में टंगा उनका काले रंग का बैग गायब था।
बैग में मुंबई डॉकयार्ड का आई कार्ड, मोबाइल चार्जर, दवाइयां, पुराने कपड़े और अन्य सामान रखे थे। भोला नाग ने तत्काल आरपीएफ स्टाफ को इसकी सूचना दी। मामले में जीआरपी ने धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
वहीं हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस में सफर कर रहे युवक और उसकी पत्नी पर ट्रेक किनारे खड़े व्यक्ति ने डंडे से हमला कर मोबाइल लूट लिए। घटना दुर्ग स्टेशन से ट्रेन छूटने के बाद की बताई जा रही है।
खम्हारडीह के सक्ती नगर निवासी प्रेम भारती ने बताया कि 16 मई को अपने परिवार के साथ हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस के जनरल कोच में रायपुर से डोंगरगढ़ जा रहे थे। ट्रेन में भीड़ होने के कारण वह गेट के पास खड़े थे। इसी दौरान दुर्ग स्टेशन से ट्रेन आगे बढऩे के बाद प्रेम भारती की पत्नी मोबाइल पर बात कर रही थी। इस बीच रेलवे ट्रैक के पास खड़े अज्ञात युवक ने डंडे से वार कर दिया। हमले में उसकी पत्नी का मोबाइल नीचे गिर गया। जिसे अज्ञात व्यक्ति लेकर फरार हो गया। जीआरपी ने शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


