रायपुर

सडक़ बनाने बस्ती उजाडऩे की तैयारी, निगम मुख्यालय में प्रदर्शन
18-May-2026 8:08 PM
सडक़ बनाने बस्ती उजाडऩे की तैयारी, निगम मुख्यालय में प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 मई। सन्तोषी नगर में नए केनाल रोड बनाने के विरोध में  गुरूमुख नगर बस्ती वाले  निगम मुख्यालय में प्रदर्शन किया।  भाठागांव लालपुर रोड निर्माण के दायरे में यह बस्ती उजाड़ी जा सकती है। इसके विरोध में रहवासियों ने पूर्व में सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मिलकर भी मांग की थी। सांसद ने बस्ती विस्थापन न होने का आश्वासन दिया था। महापौर के नाम ज्ञापन में इन्होंने बताया कि ये लोग पिछले 40 वर्षों से अधिक यहां के निवासी है। पूर्व में भी  14 अप्रैल एवं 22 अप्रैल  को मिलकर आवेदन दिया था लेकिन आज  तक कोई भी जवाब नहीं मिला है।जबकि  डी. पी. आर तैयार कर निगम ने राज्य शासन को सौंप दी है ।

उसके बाद से इस सर्वे से पूरे क्षेत्र में सभी लोग चिन्तित और भयभीत हैं ।

विगत वर्षों से इस रोड को बनाने का एकमात्र कारण यह बताया जाता रहा हैं कि रिंग रोड पर दबाव है जबकि नया भारतमाला रोड को एनएचआई दुर्ग के तेडेसरा से आरंग तक नया हाईवे जून-जुलाई तक प्रारंभ होने की संभावना है।इसके पश्चात रिंग रोड-1 पर यातायात का दबाव स्वत: कम हो जाएगा। वर्तमान में रिंग रोड-1 पर लाभांडी से टाटीबंध तक चौड़ीकरण का कार्य भी प्रगति पर है, जिससे वह मार्ग और अधिक सुगम एवं विस्तृत हो जाएगा। विगत दिनों शासन द्वारा एक नए रिंग रोड 5 की भी घोषणा हुई है जो चांदनीडीह से खिलोरा तक प्रस्तावित है जिसके सर्वे का काम चालू है और दिसंबर 2028 तक बनने के संभावना व्यक्त की जा रही है साथ ही, यह मार्ग किसी विशेष औद्योगिक क्षेत्र या प्रमुख कार्यस्थल से भी सीधे रूप से जुड़ा नहीं है, अत: इन सभी परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए इस मार्ग पर अतिरिक्त चौड़ीकरण की आवश्यकता उचित प्रतीत नहीं होती।

इस लिए कैनाल रोड 2.0 के निर्माण को नहर तक ही सीमित रखा जाए। यदि रोड से नहर के बीच स्थित खम्भों को हटा दिया जाए, तो भी पर्याप्त चौड़ी सडक़ का निर्माण संभव है। यदि रोड के लिए इन परिवारों को यहां से हटाया गया तो 1000+ परिवार के रोज़ी रोटी और बच्चों का भविष्य भी दाव पर लग जाएगा, यहां रहने वाले अधिकांश महिलाएं आसपास के कॉलोनी अस्पताल आदि में झाडू पोछा कर अपना जीवन यापन कर रही हैं ।

उन्होंने कहा कि यह विकास हम 1000 से अधिक परिवार के विनाश के कीमत पर न हो।


अन्य पोस्ट