रायपुर

नक्सलियों से भाईचारा बेनकाब होने का डर कांग्रेस को -मिश्रा
18-May-2026 8:02 PM
नक्सलियों से भाईचारा बेनकाब होने का डर कांग्रेस को -मिश्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 मई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बस्तर प्रवास को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी और प्रलाप की तीखे शब्दों में निंदा की है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने नक्सलवाद और आतंकवाद के खात्मे का संकल्प सिद्ध किया है। उनके बस्तर आगमन से कांग्रेस को तकलीफ होना यह साबित करता है कि कांग्रेस और नक्सलियों का भाईचारा आज भी कायम है।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह की दृढ़ इच्छा शक्ति से आज बस्तर नक्सल मुक्त हुआ है, जो कांग्रेसियों को रास नहीं आ रहा है। आज बस्तर की जनता नक्सल हिंसा और खौफ के साये से मुक्त होकर पहली बार खुले आसमान में साँस ले रही है।

बस्तर की धरा पर शांति, सुरक्षा और चौतरफा विकास का जो नया सवेरा हुआ है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। लेकिन, बस्तर का यह बदलाव और वहाँ के आदिवासियों के चेहरों की मुस्कान कांग्रेस को हजम नहीं हो रही है।

डॉ. मिश्रा ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जब-जब सुरक्षाबल ने नक्सलियों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की और नक्सलवाद के ताबूत में कील ठोकी, तब-तब कांग्रेसियों का दर्द छलक कर बाहर आता रहा है और अब कांग्रेस का यह प्रलाप और कुछ नहीं, बल्कि उनके और नक्सलियों के बीच के उस भाईचारे की छटपटाहट है, जिसके दम पर उन्होंने बस्तर को दशकों तक विकास से महरूम रखा और उसे अपनी राजनीतिक रोटियाँ सेंकने का अखाड़ा बनाए रखा।


अन्य पोस्ट