रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 मई। ढाई महीने से चल रहे असहयोग आंदोलन के बावजूद मांगें पूरी नहीं होने पर छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। साथ ही यह भी कहा है कि आईटीई के तहत गरीब बच्चों को स्कूलों में दाखिला दिया जाएगा।
संगठन ने कहा है कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आंदोलन को कमजोर करने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए गए, लेकिन निजी स्कूल अपनी मांगों पर अडिग हैं।
बताया गया कि आंदोलन अब केवल प्रतिपूर्ति राशि बढ़ाने तक सीमित नहीं है। संगठन ने मांग की है कि इस वर्ष स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा एंट्री क्लास बदलकर कक्षा 1 किए जाने के फैसले को वापस लिया जाए और किसी भी स्कूल की एंट्री क्लास को यथावत रखा जाए। संगठन का कहना है कि इस फैसले से वंचित परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।
संगठन ने बताया कि उनकी याचिका हाईकोर्ट में लंबित है। एसोसिएशन का दावा है कि हर वर्ष लगभग 65 हजार विद्यार्थियों का प्रवेश होता था, जबकि इस वर्ष प्रदेश के स्कूलों में रिक्त सीटों की संख्या केवल 22 हजार रह गई है।
प्रदेश कार्यकारिणी ने निर्णय लिया है कि दोनों मांगें पूरी होने तक असहयोग आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए प्रदेश के सभी निजी स्कूलों ने 18 मई से प्रवेश देने का निर्णय लिया है।
छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने स्कूल शिक्षा विभाग से इस वर्ष शासकीय स्कूलों में प्रति विद्यार्थी राशि सार्वजनिक करने की मांग भी की है। संगठन का कहना है कि नियमों में इसी राशि को निजी स्कूलों को प्रतिपूर्ति राशि के रूप में देने का प्रावधान है। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता और सचिव मोती जैन ने संयुक्त रूप से यह जानकारी दी।