रायपुर

महिला अधिवक्ता के हत्यारे को फांसी दी जाए-महंत
17-May-2026 10:11 PM
महिला अधिवक्ता के हत्यारे को फांसी दी जाए-महंत

वकीलों की सुरक्षा भगवान भरोसे, सरकार सिर्फ पीआर में व्यस्त..

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 मई । नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने रायगढ़ जिला बार एसोसिएशन के आंदोलन को समर्थन देते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आदिवासी महिला अधिवक्ता की हत्या पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में वकीलों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। डॉ. महंत ने महिला अधिवक्ता के हत्यारे को फांसी देने की मांग की है।

नेता प्रतिपक्ष ने एक बयान में कहा कि समाज को न्याय दिलाने वाले अधिवक्ता ही यदि सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार कानून-व्यवस्था सुधारने के बजाय केवल अपनी छवि और पीआर चमकाने में व्यस्त है।

डॉ. महंत ने कहा कि जिस संभाग और जिले से मुख्यमंत्री और वित्तमंत्री आते हैं, वहीं एक आदिवासी महिला अधिवक्ता की नृशंस हत्या हो जाती है और कई दिन बीतने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। उन्होंने इसे सरकार की प्रशासनिक विफलता बताया।

नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार से प्रदेश में तत्काल एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं पर लगातार बढ़ते हमले यह साबित करते हैं कि बिना विशेष सुरक्षा कानून के वकील भयमुक्त होकर कार्य नहीं कर सकते।

रायगढ़ जिला बार एसोसिएशन के आंदोलन को समर्थन देते हुए डॉ. महंत ने तीन प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने महिला अधिवक्ता हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर फांसी की सजा देने, अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए तत्काल एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने तथा बार एसोसिएशन की सभी मांगों को बिना देरी पूरा करने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को सडक़ से लेकर सदन तक उठाएगी और प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।


अन्य पोस्ट