रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 मई। महासमुंद शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने से कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। ईंधन उपलब्धता को लेकर लोगों में चिंता बढ़ी है।
स्थानीय पंप संचालकों के अनुसार शहर के कुछ पेट्रोल पंपों पर स्टॉक सीमित हो गया है, जबकि कुछ स्थानों पर आपूर्ति बाधित होने की बात कही जा रही है। उनका कहना है कि रायपुर डिपो से आपूर्ति में देरी होने के कारण स्थिति प्रभावित हुई है।
पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप पर सीमित मात्रा में ईंधन वितरण किया जा रहा है। यहां दोपहिया वाहनों को अधिकतम 300 रुपये और चारपहिया वाहनों को 1000 रुपये तक का ईंधन दिए जाने की जानकारी मिली है।
मचेवा स्थित शंकरा फ्यूल्स और भलेसर मार्ग स्थित सृजन फ्यूल्स पर ईंधन उपलब्ध होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। बुधवार शाम और गुरुवार सुबह कई लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने का असर आम नागरिकों के साथ सरकारी कार्यों पर भी पडऩे की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों को सीमित उपयोग के निर्देश दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
कृषि कार्यों के मौसम को देखते हुए किसानों ने भी चिंता जताई है। ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरणों के संचालन के लिए ईंधन की आवश्यकता बढ़ रही है।
हालांकि जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त रिजर्व उपलब्ध है। प्रशासन के अनुसार वर्तमान में जिले में लगभग 9 दिन का पेट्रोल और 6 दिन का डीजल भंडार मौजूद है।


