रायपुर

शहर के कई पेट्रोल पंप बंद, 200 से 1000 का ही दे रहे
15-May-2026 6:50 PM
शहर के कई पेट्रोल पंप बंद, 200 से 1000 का ही दे रहे

शुक्रवार को तडक़े से पंपों में कतारें कार 1000-1500 बाईक 200-500 रूपए का दे रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 मई। राजधानी में तीसरे दिन भी पेट्रोल-डीजल का संकट देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को तडक़े से ही पेट्रोल पंप पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं थीं। उस पर आज पेट्रोल डीजल की राशनिंग के साथ दरें भी बढ़ा दी गई।  पेट्रोल पंप से 500-800 मीटर की दूरी तक बाइक,बस, एंबुलेंस और कचरा वाहन कतार में खड़े हो गए हैं। सरकार और प्रशासन के  पर्याप्त स्टाक के दावों के बीच यह स्थिति देखने को मिल रही है। हमारे फोटोग्राफर ने सुबह आधा दर्जन से अधिक पंप का दौरा कर पाया कि आज पंप संचालकों ने दोपहिया के लिए 200 से 300 रूपए और कार आदि के लिए 1000 रूपए की राशनिंग कर दी। इससे अधिक पेट्रोल डीजल नहीं दे रहे हैं।

राजधानी में यह संकट  सोमवार रात से ही शुरू हो गया था। यह सिलसिला आज भी जारी है। पेट्रोल डीजल न मिलने से आम जनता परेशान हैं। एक के बाद एक शहर के सभी पंप घूमने मजबूर हैं। क्या शहर और क्या आउटर, सभी जगह पंप में या तो नो स्टाक का बोर्ड या जहां  मिल रहा है वहां लंबी-लंबी कतारें  हैं। शहर के बीच के पंप तो रस्सी बांध, नो स्टाक का बोर्ड लगा चुके हैं। ऐसी स्थिति के बाद भी जिला खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा का कहना है कि कोई संकट नहीं है। धीरे धीरे कर सभी को पेट्रोल मिल रहा है।

दूसरी ओर पूर्व ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष उधोराम वर्मा ने कहा कि मनमाने तरीके से पेट्रोल पंप बंद कर दिए गए हैं।  पेट्रोल पंपों के स्टॉक रजिस्टर की जांच कर तत्काल पुलिस की मदद से पेट्रोल पंप चालू कराया जाए। इससे पहले कल आप पार्टी ने भी  प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की थी। पार्टी आज प्रदर्शन करने जा रही है।

पेट्रोल-डीजल के दामों में

3-3 रूपए की बढ़ोतरी

ईंधन संकट के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम में आधी रात से  बढ़ोतरी हो गई है।  नए रेट के मुताबिक  रायपुर में पेट्रोल 103.56 और डीजल 96.55 रूपए प्रति लीटर मिलेगा।

खाद्य सचिव ने कहा-प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक

इधर पंप संचालकों को सुरक्षा...

पेट्रोल पंप संचालकों, कर्मचारियों की सुरक्षा तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने प्रमुख स्थानों पर इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर चस्पा किए जा रहे हैं।  पोस्टरों में पुलिस कंट्रोल रूम, संबंधित स्थानीय थाना प्रभारी, डायल-112 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर  हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपराधिक घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दी जा सके। साथ ही पंपों में रात्रिकालीन सतर्कता, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने सीसीटीवी कैमरे आन रखने तथा नगदी के सुरक्षित प्रबंधन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 मई। राजधानी समेत बस्तर से सरगुजा तक पेट्रोल पंपों में लंबी कतारों के बीच खाद्य सचिव श्रीमती रीना कंगाले ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। खाद्य सचिव श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश के ऑयल डिपो को नियमित रूप से आवश्यकतानुसार पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति हो रही है तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

खाद्य सचिव ने जानकारी दी कि प्रदेश में वर्तमान में कुल 2516 पेट्रोल/डीजल पंप संचालित हैं। राज्य में पेट्रोल का 45,474 किलोलीटर तथा डीजल का 84,654 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है। वहीं पेट्रोल की दैनिक आवश्यकता 3,635 किलोलीटर तथा डीजल की दैनिक आवश्यकता 5,873 किलोलीटर है। आज प्रदेश के विभिन्न ऑयल डिपो में 6,551 किलोलीटर पेट्रोल तथा 4,760 किलोलीटर डीजल प्राप्त हुआ है।

उन्होंने बताया कि रायपुर शहर में कुल 326 पेट्रोल/डीजल पंप हैं, जिनमें से 35 पंप अस्थायी रूप से ड्राई आउट हैं। इसी प्रकार बिलासपुर शहर में कुल 156 पेट्रोल/डीजल पंप हैं, जिनमें से 13 पंप ड्राई आउट हैं। इन सभी ड्राई आउट पंपों को यथाशीघ्र स्टॉक उपलब्ध कराने के लिए ऑयल कंपनियों के डिपो से लगातार आपूर्ति की जा रही है। विगत दो दिनों में कुछ पेट्रोल/डीजल पंपों के ड्राई आउट होने के कारण अफवाह एवं घबराहट की स्थिति बनी, जिससे आम लोगों द्वारा पेट्रोल एवं डीजल की खपत में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई। मांग में अचानक हुई इस वृद्धि के कारण कुछ स्थानों पर कृत्रिम अभाव की स्थिति निर्मित हुई।

620 लीटर डीजल का अवैध भंडारण, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 15 मई। पेट्रोल डीजल की कील्लत और कई पंपों में बंद की स्थिति के बीच कालाबाजारी का खेल शुरू हो गया। लोग पेट्रोल, डीजल का अवैध भंडारण कर ब्लेक में बेचने लगे इस बीच पुलिस ने अवैध कारोबारी पर कार्रवाई की। विधानसभा इलाके के ग्राम पिरदा में पुलिस ने अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर बिक्री करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 620 लीटर डीजल कीमत 58 हजार 280 रुपए को जब्त किया है।विधानसभा पुलिस के मुताबिक 14 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पिरदा के सतनाम चौक के पास एक व्यक्ति अपने ब्यारा में अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर उसे बेच रहा है।सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी संतदास बंजारे के कब्जे से 20-20 लीटर के 31 गेलन में 620 लीटर डीजल रखा पाया गया।  पुलिस ने डीजल जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 287 और  3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट