रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 15 मई। बुधवार दोपहर लगभग चार से पांच बजे के बीच आई तेज हवा, आंधी और बारिश के कारण नगर में जनजीवन प्रभावित रहा। कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हुई और सडक़ों पर पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ।
तेज हवा के कारण कई स्थानों पर बैनर, पोस्टर और फ्लेक्स क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ भवनों में लगे कांच टूटने की घटनाएं भी सामने आईं। आंधी के दौरान धूल का गुबार छाने से लोगों को परेशानी हुई। बाजार क्षेत्र में कई दुकानदारों ने एहतियात के तौर पर दुकानें बंद कर दीं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मई माह में अत्यधिक गर्मी के कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ जाती है। गर्म और ठंडी हवाओं के प्रभाव से प्री-मानसून गतिविधियों के तहत तेज आंधी और बारिश की स्थिति बनती है, जो मध्य भारत और छत्तीसगढ़ में सामान्य मानी जाती है।
आंधी और बारिश का असर बिजली व्यवस्था, यातायात और दैनिक गतिविधियों पर भी पड़ा। कई इलाकों में घंटों बिजली बंद रहने से लोगों को गर्मी और पेयजल संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा। सडक़ों पर गिरे पेड़ों और क्षतिग्रस्त होर्डिंग्स के कारण यातायात प्रभावित रहा।
नगर में देर शाम तक पेड़ हटाने और क्षतिग्रस्त सामग्री को हटाने का काम जारी रहा। नागरिकों ने प्रशासन से बिजली व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं को जल्द बहाल करने की मांग की है।


