रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 मई। दूसरे की जमीन को अपना बता 28 लाख में सौदा कर धोखाधड़ी के मामले में आजाद चौक पुलिस ने मेसर्स राजश्री प्रॉपर्टीज के भागीदारों समेत अन्य लोगों के खिलाफ 420, 120 बी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महावीर नगर निवासी पंकज चिजवानी ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2023 में उनकी मुलाकात जमीन दलाल जसमीत सिंह, सुनील रंगलानी और मुदित सोमवंशी से हुई थी। दलालों ने आदर्श नगर मोवा स्थित अशोका रतन के पीछे की जमीन दिखाकर सौदा कराने की बात कही।
जिसमें खसरा नंबर 573/9 और 573/16 की 10,300 वर्गफीट जमीन का सौदा 1400 रुपए में तय किया गया। इसके बाद समता कॉलोनी स्थित कार्यालय में आरोपी अनिल कुमार अग्रवाल से मुलाकात हुई, जिसने जमीन को अपनी फर्म मेसर्स राजश्री प्रॉपर्टीज की संपत्ति बताया। फर्म में सपना सिंघानिया और रमेश सिंघानिया को भी पार्टनर बताया। जिसके बाद पंकज ने सौदे के 28 लाख रुपए बतौर ब्याना दिया। जिसमें 12 लाख रुपए नकद और दो चेक से 8-8 लाख रुपए का दिया गया। पैसा लेने के बाद आरोपियों ने जमीन पर बाउंड्रीवाल कराने से मना
कर दिया।
कुछ दिन बाद जब पंकज ने सीमांकन कराना चाहा तो, उस जमीन पर किसी अन्य व्यक्ति ने अपना होने का दावा किया। जिसके बाद जब पटवारी और राजस्व अधिकारियों की जांच में जमीन अनिल जैन के नाम पर पाया गया। तब पंकज को अपने साथ धोखाधड़ी होने का अहसास हुआ। जिसके बाद उसने आजाद चौक थाना जाकर जमीन दलाल और उनके साथियों के खिलाफ 420 का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी अनिल कुमार अग्रवाल, सपना सिंघानिया और रमेश सिंघानिया के खिलाफ धारा 420 और 120बी के तहत अपराध दर्ज कर दस्तावेजों की जांच कर रही है।


