रायपुर

बारिश पूर्व जलभराव और पेयजल समस्या पर मंथन
12-May-2026 10:08 PM
बारिश पूर्व जलभराव और पेयजल समस्या पर मंथन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 मई। नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर निगम जोन 4 के अध्यक्ष मुरली शर्मा ने जोन कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बैठक लेकर बारिश पूर्व जलभराव की समस्या के निराकरण, गर्मी में सुगम पेयजल आपूर्ति तथा सुशासन तिहार 2026 की तैयारियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

बैठक में नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा, अमर गिदवानी, पार्षद अजय साहू, श्रीमती अर्जुमन एजाज ढेबर सहित जोन 4 की जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही, कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, सहायक अभियंता दीपक देवांगन, जोन स्वास्थ्य अधिकारी वीरेन्द्र चंद्राकर और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में बारिश से पहले सभी नालों और नालियों की सघन सफाई अभियान चलाकर जलभराव की समस्या दूर करने पर जोर दिया गया। साथ ही गर्मी के दौरान वार्ड पार्षदों से समन्वय बनाकर नागरिकों को सुगम पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा 14 मई 2026 को इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले सुशासन तिहार शिविर को सफल बनाने को लेकर भी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच मंथन हुआ। जोन अध्यक्ष मुरली शर्मा ने पार्षदों से सुझाव लेकर अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट