रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 मई। दो दिन पूर्व रायपुर रेल खंड के निरीक्षण पर आए दपूमरे बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरूण प्रकाश को कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। अखंड रेलवे कर्मचारी संघ रायपुर मंडल के समन्वयक अनिल सिंह, उप समन्वयक एम कृष्णा ने अपने ज्ञापन में कहा कि रेलवे कर्मचारी अत्यंत कठिन परिस्थितियों में दिन-रात रेलवे संरक्षा, संरक्षा एवं संचालन संबंधी दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, परंतु अनेक प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी प्रकरण वर्षों से लंबित होने के कारण कर्मचारियों में निराशा, मानसिक तनाव, आर्थिक कठिनाई एवं भविष्य को लेकर असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न हो रही है। रायपुर मंडल में श्रेणीगत रिक्त पदों की शीघ्र पूर्ति,जीडीसीई एवं एलडीसीई परीक्षा का नियमित आयोजन, रावघाट परियोजना के कर्मचारियों की वेतन विसंगति एमएसीपी लाभ का शीघ्र निस्तारण एवं लंबित भुगतान की मांग प्रमुख रहे।
दपूमरे मजदूर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने दो दिन पहले भाटापारा और रायपुर आए जोन महाप्रबंधक तरुण प्रकाश को रेल कर्मियों की विभिन्न समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा।इस अवसर पर डीसी बी. डी. प्रसाद, डिप्टी डीसी भीम राव बोदलकर एवं सभी शाखा पदाधिकारी उपस्थित रहे। ज्ञापन में सडक़ संबंधी तकलीफ दूर करने, लोकोमोटिव में एसी कैब लगवाने, भाटापारा रेलवे हॉस्पिटल के निर्माण डॉक्टर के नियुक्ति , दल्लीराजरहा में रेलवे डॉक्टर की नियुक्ति, सिरसा गेट के अंडर ब्रिज रिपेयर, वैगन रिपेयर शॉप के इंस्टीट्यूट में रिपेयर, ग्राउंड में हाई मास्ट लाइट लगवाने की मांग की गई । महाप्रबंधक ने ज्ञापन के सभी मुद्दों का शीघ्र एवं संतोषजनक समाधान किया जाएगा।


