रायपुर

मोदी की सात अपील, पहले स्वयं पर लागू करें-बैज
12-May-2026 6:09 PM
मोदी की सात अपील, पहले स्वयं पर लागू करें-बैज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 मई। पीएम नरेंद्र मोदी की मितव्ययिता की अपील पर पलटवार करने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने  तीन पूर्व मंत्रियों के साथ आज पत्रकार वार्ता को संबोधित किया ।

उन्होंने कहा कि मोदी की अपील ने देशवासियों के जख्मों पर नमक डालने का काम किया। यह अपील की है जो कहीं से भी औचित्यपूर्ण नहीं है।

बैज ने कहा मोदी कह रहे कि किसान उर्वरकों का उपयोग कम करे जबकि देश में पिछले सात साल से उर्वरकों की कमी है।  छत्तीसगढ़ में 15 लाख  टन उर्वरकों की आवश्यकता है लेकिन राज्य सरकार अभी तक 51 हजार  टन उर्वरक ही सोसायटियों तक पहुंचा पायी है।

मोदी कह रहे कि वर्क फार्म होम करिए, काम पर मत जाइए, मोदी जी के इस सलाह से फील्ड में काम करने वाले, गली कूचे में घूमकर सामान बेचने वाले, फेरी लगाने वाले क्या करेंगे। मोदी कह रहे काम मत करो घर में बैठो।

पीसीसी अध्यक्ष ने कहा मोदी जब से प्रधानमंत्री बने है उन्होने 70 देशों के विदेश यात्रा पर लगभग 815 करोड़ रू. खर्चा किया है तथा 300 से अधिक दिन विदेशों में बिताया है, उनका निजी विमान जिसमें वे चलते है उसकी कीमत 8400 करोड़ रू. है। 15 तारीख से वे फिर विदेश यात्रा पर जा रहे है।

मोदी सरकार बनने के बाद पेट्रोल के दाम 70 रु. प्रति लीटर से बढक़र 100 रु. प्रति लीटर के पार हो गए हैं जबकि डीजल के दाम 55 रु. प्रति लीटर से बढक़र 95 रु. प्रति लीटर के करीब पहुंच गए हैं। बीते 12 सालों में पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स पर कर लगाकर 47 लाख करोड़ रुपए जनता की जेब से निकाले गए हैं।

जब क्रूड ऑयल 19 डॉलर प्रति बैरल था तब भी पेट्रोल, डीजल 100 रू. में बेच रहे थे, अब क्रूड ऑयल 70 डॉलर प्रति बैरल है तब प्रधानमंत्री जनता को उस कमाई से राहत देने के बजाय पेट्रोल, डीजल बचाने की अपील कर रहे।

बैज ने कहा भाजपा सरकार बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को नियंत्रित करने में असफल और नकारा साबित हुई है। अभी हाल ही में देश भर में हुई सर्वे में एक बात सामने आई है कि मोदी सरकार की गलत नीतियों, रोजगार देने में असफलता, पेट्रोल, डीजल में मनमाना एक्साइज ड्यूटी, रेल यात्रा का महंगा होना, सडक़ों पर टोल टैक्स के दरों में वृद्धि एवं आवश्यक वस्तुओं पर भी लगाई गई जीएसटी के चलते आम लोगों के आय एवं बचत घटी है और मुखिया को घर चलाने के लिए घर की आवश्यकताओं को पूर्ति करने के लिए 77 प्रतिशत तक के ऋण लेने पड़े है, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार को कोई वास्ता नहीं।

मोदी की अपील के बाद भाजपाई, मंत्री, विधायक, पदाधिकारी, साइकिल से चले डीजल-पेट्रोल बचाये। प्रधानमंत्री की सलाह पर अमल पहले उनके दल के लोगों को करना चाहिए, उसके बाद आम जनता से अपेक्षा करे। अपना तथा अपने मंत्रियो, मुख्यमंत्रियो, राज्य के मंत्रियो के काफिले को खत्म करें।


अन्य पोस्ट