रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 मई। छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी ने प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को पत्र लिखकर 10 तारीख को हुए मैच के दौरान आरसीबी और बीसीसीआई के वेंडरों ने दर्शकों की मजबूरी का फायदा उठाया।
42-43 डिग्री की भीषण गर्मी के बीच सुरक्षा कारणों से पानी अंदर ले जाने पर पाबंदी थी, जिसका लाभ उठाकर 20 रुपये की पानी की बोतल 100 रुपये में बेची गई। यही नहीं, 20 रुपये का समोसा 100 रुपये में और 15 रुपये की कोल्ड ड्रिंक भी 100 रुपये में बेची गई।
डॉ. सोलंकी ने कहा कि स्टेडियम के अंदर सारा सामान केवल 'कैश' में बेचा जा रहा है। ग्राहकों को कोई आधिकारिक रसीद बिल नहीं दी गई है, जो सीधे तौर पर भारी-भरकम जीएसटी चोरी का मामला है। उस मैच को करीब 60000 लोगों ने देखा तथा एक ही मैच में लगभग 10 से 11 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है, जिसमें से लगभग 8 से 9 करोड़ रुपये की अवैध वसूली जनता की जेब से की गई है। अकेले पानी की बिक्री से ही 60 लाख रुपये वसूले जाने का अनुमान है। सोसायटी ने मंत्री से मांग की है किअवैध रूप से वसूली गई अतिरिक्त राशि को जुर्माने के साथ रिकवर कर 'मुख्यमंत्री सहायता कोष में जमा कराया जाए।
जीएसटी कमिश्नर एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के माध्यम से इस पूरे प्रकरण की सूक्ष्म जांच कराई जाए।
आईपीएल मैच धंधा बना-आप
आईपीएल मैच से लगातार धन उपार्जन किया जा रहा है। इससे खेल प्रेमियों, युवाओं में निराशा एवं आक्रोश है। राज्य सरकार इस पर नियंत्रण करने में विफल रही है। आम आदमी पार्टी के कर्मचारी विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार झा ने कहा है कि स्टेडियम में स्नैक व नाश्ते की दरों में पांच गुना वृद्धि कर अपने लोगों को उपकृत करते हुए ऐसे चाय नाश्ता के दुकान अपनों को आवंटित किए हैं। इससे युवाओं में अत्यंत निराशा है। खेल को खेल की भावना से खेलने की बजाय धन कमाने का रास्ता बना लिया गया है। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल, प्रमुख प्रवक्ता सूरज उपाध्याय, कोषाध्यक्ष मुन्ना बिसेन, प्रवक्ता कुलदीप खनूजा, मिहिर कुर्मी,परमानंद जांगड़े, कलावती मार्को, अजीम खान, अनुषा जोसेफ, सार्ग क्षीरसागर, नेआईपीएल के नाम पर छत्तीसगढ़ की जनता को लूटना बंद करने की मांग की है


