रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 मई। धरसींवा के ग्राम खौना कृषि साख सहकारी समिति में धान खरीदी के दौरान लाखों रुपए की अनियमितता और अमानत में खयानत का मामला सामने आया है। पुलिस ने समिति प्रभारी एवं धान खरीदी केंद्र प्रभारी पवन कुमार देवांगन समेत अन्य के खिलाफ 3(5), 316(5) का अपराध दर्ज किया है। मामले में जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक खौना निवासी सुजीत सिंह ठाकुर ने शाम पवन देवांगन और अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। विवेचना के दौरान कृषि साख समिति में बीते खरीफ सीजन में हुई धान खरीदी में अनियमितता और शासकीय संपत्ति के दुरुपयोग की पुष्टि हुई। इसके बाद धरसींवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 316(5) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
जांच में सामने आया कि धान खरीदी वर्ष 2025-26 के दौरान उपार्जन केंद्र खौना में पदस्थ समिति प्रभारी एवं केंद्र प्रभारी पवन कुमार देवांगन ने अन्य लोगों के साथ मिलकर समिति और शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
समिति की जांच रिपोर्ट के मुताबिक धान की 229.60 क्विंटल कमी पाई गई, जिसकी कीमत 7 लाख 11 हजार 760 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा 574 बारदानों की कमी से 57 हजार 400 रुपए का नुकसान हुआ। वहीं हमाली भुगतान में निर्धारित 10.50 रुपए प्रति क्विंटल की जगह 15 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान कर 2 लाख 19 हजार 717 रुपए की अतिरिक्त राशि निकाली गई।
इस तरह 9 लाख 88 हजार 877 रुपए की आर्थिक क्षति समिति और शासन को पहुंचाई गई। मामले में दोषी पाए जाने पर समिति ने पवन कुमार देवांगन को सेवा नियम 2018 के तहत गंभीर दुराचार का दोषी मानते हुए बर्खास्त कर दिया गया है। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


