रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 मई। धरसींवा पुलिस चौकी सिलयारी के ग्राम कुकेरा में अज्ञात चोरों ने किराना और कपड़ा दुकान का ताला तोडक़र नगदी सहित डीवीआर पार कर दिया। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुकेरा निवासी तुषार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका गांव में किराना एवं कपड़ा की दुकान संचालित है। रोज की तरह वह शनिवार रात दुकान बंद कर घर चला गया। अगले दिन सुबह जब उनके चाचा दुकान पहुंचे तो किराना दुकान के अंदर लगे चैनल गेट का ताला टूटा मिला। वहीं कपड़ा दुकान का ताला भी टूटा हुआ था।
दुकान के पास लगे कैमरों की जांच करने पर पता चला कि 10 मई की रात 1.३0 बजे से 2.30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोर कपड़ा दुकान की गल्ले में रखे लगभग 80 हजार रुपए , किराना दुकान में रखे करीब 10 हजार और डीवीआर चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत 95 हजार रुपए बताई गई है।
धरसींवा पुलिस ने धारा 305 एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


