रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 मई। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग, एवं जिला प्रशासन रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जिला मुख्यालय में 11 से 31 मई तक किया जा रहा है।
शिविर प्रतिदिन प्रात: 6 बजे से 8 बजे तक तथा सायं 5 बजे से 7 बजे तक संचालित होगा। समय में मौसम अनुसार परिवर्तन किया जा सकता है।शिविर की तैयारियों एवं रूपरेखा के संबंध में खेल संघों के पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर के प्रतिनिधि के रूप में एडीएम उमाशंकर बंदे,जिला खेल अधिकारी प्रवेश जोशी ने खेल संघों और प्रशिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में रायपुर शहर के विभिन्न खेल मैदानों में नवोदित एवं इच्छुक खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। शिविर में कुल 22 खेल विधाओं का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा। इनमें वॉलीबाल, बास्केटबाल, फुटबॉल, सॉफ्टबाल, हैंडबाल, हॉकी, कराते, ताईक्वांडो, टेबल टेनिस, कबड्डी, तीरंदाजी, भारोत्तोलन, किक बॉक्सिंग, जिम्नास्टिक, मलखम्ब, नेटबॉल, खो-खो, टेनिक्वाइट, एथलेटिक्स, कुश्ती, क्याकिंग-केनोइंग एवं सॉफ्ट टेनिस शामिल हैं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रशिक्षण हेतु आवश्यक खेल सामग्री एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विभिन्न खेल संघों के प्रशिक्षक अपनी सेवाएं देकर खिलाडिय़ों को तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। यह प्रशिक्षण शिविर पूर्णत: नि:शुल्क होगा।
समापन पर सभी खिलाडिय़ों को प्रमाण पत्र उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को पुरस्कृत एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।


