रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 मई। शासकीय स्नातक अभियंता संघ ने राज्य शासन से उप-अभियंता संवर्ग को चार स्तरीय समयमान-वेतनमान का लाभ देने की मांग की है। इस सिलसिले में संघ ने मुख्यमंत्री, वित्तमंत्री तथा प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर संशोधित आदेश जारी करने की मांग की है।
संघ का कहना है कि लोक निर्माण, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित अन्य विभागों में 30 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत उप-अभियंता संवर्ग के कर्मचारियों को अब तक चार स्तरीय समयमान-वेतनमान का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जबकि अन्य संवर्गों को इसका लाभ दिया जा रहा है।
संघ के पदाधिकारी अशोक श्रीवास और उत्तम कुमार सूरज के बताया शासन ने उपअभियंता संवर्ग की मांग को सिद्धांतत: स्वीकृति दी है, लेकिन तकनीकी त्रुटि के कारण यह वर्ग लाभ से वंचित रह गया है। उन्होंने बताया कि नियुक्ति के समय के वेतनमान को आधार बनाकर समयमान-वेतनमान की गणना किए जाने से 30 वर्ष से अधिक सेवा देने वाले कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
संघ ने यह भी कहा कि उप-अभियंता 30 से 35 वर्षों तक सेवा देने के बावजूद अधिकांश मामलों में केवल एक पदोन्नति प्राप्त कर पाते हैं या बिना पदोन्नति के ही सेवानिवृत्त हो जाते हैं। ऐसे में चार स्तरीय समयमान-वेतनमान उनके सम्मान और आर्थिक हितों से जुड़ा विषय है।
संघ ने शासन से मांग की है कि स्वीकृत चार स्तरीय समयमान-वेतनमान के आदेश में संशोधन कर 30 वर्षों से अधिक सेवा दे चुके उप-अभियंताओं को इसका लाभ प्रदान किया जाए।
प्रेस विज्ञप्ति संघ के प्रांताध्यक्ष इं. अशोक श्रीवास और महासचिव इं. उत्तम कुमार सूरज की ओर से जारी की गई।