रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 मई। राजधानी में बीते दिनों पैसा लेकर शराब न लाने, सडक़ किनारे आइस्क्रीम का ठेला और पुरानी रंजिश पर विवाद हो गया। इस बीच, आरोपी ने हाथ मुक्का, पीवीसी पाइप और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में कई लोगों को चोंटे आई है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2),296,333 और 351(2) का अपराध दर्ज किया है।
एक मामले में देवेंद्र नगर त्रिमूर्ति नगर निवासी युवक, जो पासपोर्ट ऑफिस में कार्यरत है, ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपनी भांजी के साथ दुकान जा रहा था। तभी रास्ते में घनश्याम सोना मिला।
जो पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ गाली-गलौच करने लगा। जिसका संतोष बघेल ने विरोध किया तो घनश्याम सोना ने अपने पास रखे किसी धारदार चीज से संतोष पर हमला कर दिया। घायल संतोष बघेल ने वहां से किसी तरह घर के अंदर भागा, तब घनश्याम सोना उसके घर के अंदर जाकर दोबारा हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने पुलिस में सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं का अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।
उधर आमापारा तालाब के पास रहने वाली लक्ष्मी यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका भाई हेमंत यादव ने मोहल्ले के बंटी बंगाली को शराब लाने के लिए 200 रुपए दिया था। जिसे बंटी ने रख लिए। बंटी के शाम तक शराब नहीं लाने और रुपए वापस नहीं करने पर दोनों के बीच गाली गलौज होने के बाद दोनों वहां से चले गए।
इसके बाद रात 10 बजे बंटी बंगाली का बेटा बाबू अपने साथियों के साथ घर पहुंचा और हेमंत यादव के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। आरोपियों ने घर के अंदर घुसकर हाथ-मुक्के और लात से मारपीट की, जिससे हेमंत यादव को चोट आई। घायल का अस्पताल में इलाज कराया गया।
पुरानी बस्ती के कुकरीपारा निवासी मयंक, जो 12वीं का छात्र है और गुल्फी बेचने का काम करता है, ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह गौतम नगर स्थित ठाकुर प्यारे लाल स्कूल के पास ठेला लगाकर गुल्फी बेच रहा था। इसी दौरान साइकिल से आए एक युवक को ठेला हटाने के लिए कहने पर विवाद हो गया। आरोप ने अपने साथी के साथ मिलकर गाली गलौज की। और विरोध करने पर हाथ-मुक्के और प्लास्टिक पाइप से मारपीट कर दी।


