रायपुर
अफसरों पर बरसे, कार्रवाई की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 मई। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश मूणत ने शनिवार को क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का करीब तीन घंटे तक सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में 'रत्ती भर भी समझौता' बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्माण में लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को जमकर फटकार भी लगाई।
निरीक्षण की शुरुआत सरोना में 16 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 100 बिस्तरीय अस्पताल से हुई। यहां फूटिंग वर्क की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए मूणत ने सीजीएमएससी के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और उप अभियंता को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि तकनीकी मानकों और तराई (क्योरिंग) में लापरवाही मिली तो उच्च स्तर पर वैधानिक कार्रवाई कराई जाएगी।
इसके बाद विधायक विप्र नगर पहुंचे, जहां 40 लाख रुपये की लागत से बन रहे महिला योग भवन और एक करोड़ रुपये की लागत वाले महतारी सदन का निरीक्षण किया। यहां कार्य की गुणवत्ता और प्रगति संतोषजनक मिलने पर उन्होंने नगर निगम अधिकारियों की सराहना की और समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के पास 21 करोड़ रुपये की लागत से बन रही नालंदा लाइब्रेरी पार्ट-2 के निरीक्षण में निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर मूणत ने नाराजगी जताई। गुणवत्ता में कमी और सही जानकारी नहीं दिए जाने पर उन्होंने अधीक्षण अभियंता से कहा कि यदि एजेंसी गुणवत्तापूर्ण काम नहीं कर सकती तो कार्य छोड़ दे।
निरीक्षण के अंतिम चरण में विधायक ने कोटा स्थित शासकीय महाविद्यालय गुढिय़ारी का दौरा किया। यहां लोक निर्माण विभाग के कार्यों पर संतोष जताते हुए उन्होंने महाविद्यालय भवन शीघ्र पूर्ण करने और मानसून से पहले पहुंच मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए।
मूणत ने कहा कि वे केवल घोषणाओं में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखने वाले विकास में विश्वास रखते हैं। निर्माण कार्यों की सतत निगरानी उनकी कार्यशैली का हिस्सा है ताकि रायपुर पश्चिम क्षेत्र विकास के नए मानक स्थापित कर सके।


