रायपुर
पंडरी, आरंग-अभनपुर थाना में दर्ज हुआ मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 मई। पंडरी, अभनपुर और आरंग इलाके में बीते दिनों घर के सामने बाइक खड़ी करने, पुरानी रंजिश और पारिवारिक बात पर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान हाथ मुक्कों और डण्डे से हमला हुआ। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी पक्ष के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं के अपराध दर्ज किया है।
मढिया पारा हनुमान मंदिर मोवा निवासी हीरा वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई, कि वह एलआईसी एजेंट हैं। 6 मई की सुबह 10.30 बजे वह अपने दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके घर के सामने रवि साहू ने बाइक खड़ी कर दी थी। जिसे हटाने कहने पर रवि साहू गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर रवि साहू के पिता सीताराम साहू ने उनका कॉलर पकडक़र मारपीट शुरू कर दी। इस बीच रवि साहू ने किसी चीज से उनके सिर पर हमला कर दिया। इस हमने में उसके सिर में चोट आई। भूपेन्द्र साहू और अन्य रिश्तेदारों ने भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी कुसुम वर्मा और अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई।
उधर अभनपुर के ग्राम चंडी में पुरानी रंजिश का बदला लेने की नीयत से मोहल्ले के रहने वाले चुम्मन उर्फ पिंटू जांगड़े ने राहुल पर हमला कर दिया। ग्राम चण्डी निवासी राहुल भारतीय ने शिकायत में बताया कि वह रायपुर में निजी सुरक्षा गार्ड का काम करता हैं। 2 मई की सुबह वह तालाब से लौटकर बाइक से घर जा रहा था। इसी दौरान गांव के दुकान के पास चुम्मन उर्फ पिंटू जांगड़े ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद चुम्मन ने किसी धारदार चीज से पेट पर हमला कर दिया। बचाव करने के दौरान राहुल के हाथ की उंगलियों में भी चोट आई है।
पारिवारिक विवाद को लेकर पारागांव में तीन लोगों द्वारा दो भाइयों से मारपीट किया। घटना में दोनों भाइयों को सिर में चोट आई है।
संजय कुर्रे ने पुलिस को बताया कि 5 मई की रात करीब 8 बजे उनके पिता ने फोन कर पारागांव स्थित अंजली बंजारे के घर से सामान ले जाने के लिए बुलाया था। वह अपने छोटे भाई लक्ष्मीदास कुर्रे के साथ वहां पहुंचे। रात 9.30 बजे जब दोनों सामान निकाल रहे थे, तभी वहां मौजूद अरुण बंजारे, सुखनंदन बंजारे और सागर सोनवानी विवाद किया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर डंडों से दोनों भाइयों की पिटाई कर दी।