रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 मई। राजधानी समेत प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है। इस बीच रायपुर में शुक्रवार की सुबह से तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। इससे दिन के तापमान में नरमी के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इस बीच प्रदेश के एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। इस बीच रायपुर के लिए मौसम विभाग ने आंशिक रूप से मेघमय आसमान रहने तथा गरज-चमक, अंधड़ और हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के आसार हैं। इसके बाद तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं जताई गई है।
प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगाँव में रिकॉर्ड किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज हुआ। वर्षा के प्रमुख आंकड़ों में 3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिणी मध्य प्रदेश से लेकर झारखंड तक एक द्रोणिका सक्रिय है, जो छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इसके अलावा ओडिशा के आंतरिक भाग और उससे लगे छत्तीसगढ़ क्षेत्र के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। जिसके प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है।