रायपुर
सास ने कहा-हमारी शिकायत पर कार्रवाई होती, तो हत्या नहीं होती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 मई। एफआईआर को लेकर सीएम, गृहमंत्री, डीजीपी, पुलिस कमिश्नर की हर समीक्षा बैठक में बार बार की हिदायतों के बाद भी थाना पुलिस कार्रवाई करने में ढिलाई, लापरवाही बरते हुए है।
थाना स्टाफ खासकर थानेदारों को निर्देश रहते हैं कि छोटी छोटी शिकायत पर गंभीरता से जांच कर कार्रवाई की जाए। लेकिन मोवा इलाके में दो सालियों (सगी बहनों) का शूटआउट मामले में पंडरी मोवा पुलिस की ढिलाई को भी कारण माना जा रहा है। खासकर सास का तो यही मानना है। सास का कहना है कि उनके और बेटी के द्वारा , जितेंद्र की पूर्व में की गई मारपीट धमकी की लिखित शिकायत पंडरी मोवा थाने में की गई थी। उन शिकायतों पर थाना पुलिस ने कार्रवाई की होती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती।
इस बीच जीजा जितेंद्र वर्मा की दहशतगर्दी का एक नया और चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। वारदात के बाद उसने भागने के दौरान ससुराल के बाजू एक मेडिकल स्टोर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। जितेंद्र ने न केवल मेडिकल स्टोर संचालक पर पिस्टल तानी, बल्कि उस पर फायरिंग भी कर दी। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। इसमें दुकान के अन्य कर्मी दुकान से भागते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने गोली भी चलाई, लेकिन गनीमत रही कि दुकानदार की जान बाल-बाल बच गई। फायरिंग की आवाज और आरोपी के आक्रामक व्यवहार से पूरे मोवा इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जितेंद्र इस समय पुलिस की गिरफ्त में है। इस घटना के बाद जितेंद्र वर्मा ने थाने पहुंच कर सरेंडर करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।