रायपुर
चोर दुकान से जो नहीं ले जा पाए उनमें तोडफ़ोड़ की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 मई। राजधानी में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अज्ञात चोरों ने एक किराना दुकान और एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी व कीमती सामान पार कर दिया।
पहली घटना संतोषी नगर इलाके की है, जहां निवासी रोहित केवलानी की मां संतोषी किराना स्टोर में चोरी हो गई। प्रार्थी के अनुसार, वह 3 मई 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन 4 मई की सुबह करीब 8:30 बजे जब वह अपने चाचा विजय केवलानी के साथ दुकान पहुंचा और शटर खोला, तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गया। दुकान की बालकनी का दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
चोरों ने दुकान में लगे एलईडी टीवी, कंप्यूटर मॉनिटर और डीवीआर को तोडक़र नुकसान पहुंचाया। साथ ही गल्ले में रखे करीब 25 हजार रुपये नकद और लगभग 10 हजार रुपये के कॉस्मेटिक सामान चोरी कर लिए। कुल मिलाकर करीब 35 हजार रुपये का नुकसान बताया गया है। घटना 3 मई की दोपहर से 4 मई की सुबह के बीच की है।
वहीं दूसरी घटना मुजगहन थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी बोरियाकला की है। यहां रहने वाली छाया, जो कि रायपुर में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं, ने घर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि 4 मई को सुबह करीब 11 बजे वह घर में ताला लगाकर ड्यूटी पर गई थीं। शाम करीब 6 बजे लौटने पर देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो आलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। चोर घर से करीब 42 ग्राम सोने के जेवर (ईयररिंग व पैंडल) और 32 ग्राम चांदी की पायल लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये आंकी गई है।