रायपुर
जीपीएफ में गड़बडिय़ां चिंतास्प्रद-नामदेव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 मई। जीवन भर वेतन से कटौती कर संचित की गई यह राशि, जो शासकीय कर्मचारियों की सुरक्षित भविष्य निधि मानी जाती है, सेवानिवृत्ति के समय अनेक तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों के कारण विवाद और परेशानी का कारण बन रही है।सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों की सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) से संबंधित गंभीर समस्याओं को लेकर व्यापक असंतोष सामने आ रहा है।
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने बताया कि अनेक प्रकरणों में कर्मचारियों के वेतन से नियमित जीपीएफ कटौती तो होती रही, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा उसका सही लेखा-जोखा समय पर संधारित या अग्रेषित नहीं किया गया। परिणामस्वरूप, सेवानिवृत्ति के समय खातों में कम राशि अथवा ऋणात्मक शेष दर्शाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कई मामलों में कर्मचारियों पर अनावश्यक वसूली का दबाव बनाया जा रहा है, यहाँ तक कि दण्डात्मक ब्याज भी जोड़ा जा रहा है, जबकि इसमें कर्मचारियों की कोई त्रुटि नहीं होती। यह न केवल प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है, बल्कि न्याय और कानून की भावना के भी विरुद्ध है।
नामदेव ने स्पष्ट किया कि जीपीएफ खाते का सही संधारण विभाग और लेखा कार्यालय की जिम्मेदारी है। केवल रिकॉर्ड की त्रुटियों के आधार पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों पर आर्थिक भार डालना पूरी तरह अनुचित है। जिन मामलों में किसी प्रकार का कपट या गलत आचरण नहीं हुआ है, वहाँ वसूली और दण्डात्मक ब्याज का कोई औचित्य नहीं बनता।
उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे सेवा-काल के दौरान अपने जीपीएफ खातों का वार्षिक मिलान अवश्य करें तथा किसी भी त्रुटि की स्थिति में तत्काल लिखित आपत्ति दर्ज कर प्रमाण सुरक्षित रखें। यदि सेवानिवृत्ति के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होता है, तो विधिक उपाय अपनाने की आवश्यकता पड़ सकती है।
महासंघ की ओर से राज्य सरकार से निम्न प्रमुख मांगें की गई हैं कि जीपीएफ रिकॉर्ड का समयबद्ध मिलान एवं पूर्ण डिजिटलीकरण किया जाए। प्रत्येक विभाग में जीपीएफ सत्यापन हेतु जिम्मेदार प्रकोष्ठ स्थापित किया जाए। सेवानिवृत्ति से 1-2 वर्ष पूर्व विशेष जीपीएफ सत्यापन अभियान चलाया जाए। अंत में उन्होंने कहा कि इस गड़बड़ी को हर हाल में रोका जाना चाहिए।