रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 मई। देर रात लूट अभनपुर इलाके में लूट की घटना सामने आई है। जहां दो अज्ञात युवकों ने एक व्यक्ति को सुनसान स्थान पर ले जाकर सोने के जेवर लूट लिए। घटना के बाद पीडि़त ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।
आकाश कुमार निवासी अभनपुर, जो गरियाबंद आबकारी विभाग में लिपिक के पद पर पदस्थ हैं। 2 मई की रात ड्यूटी से अपने घर रायपुर लौट रहे थे। रास्ते में राजिम में अपने मित्र के घर रुककर भोजन करने के बाद वे करीब 11.30 बजे रायपुर के लिए निकले।
रात 12.30 बजे ग्राम केंद्री के बस स्टॉप स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास रूके थे। इसी दौरान अभनपुर की ओर से एक सफेद-काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे।
बदमाशों ने पहले माचिस मांगी, फिर गांजा होने की बात कहकर जबरदस्ती तलाशी लेने लगे। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने आकाश कुमार को पकडक़र यात्री प्रतीक्षालय के पीछे खेत में ले जाकर जान से मारने की धमकी दी और जमीन पर गिराकर लूटपाट की।
आरोपियों ने पीडि़़त के दाहिने हाथ की उंगली में पहनी दो सोने की अंगूठियां और गले की सोने की चेन लूट ली। लूटे गए जेवरों की कुल कीमत 80 हजार रुपए बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ 309-4, और 351-2 का मामला दर्ज कर लिया है और आसपास पूछताछ कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।


