रायपुर

ठाकरे विवि, तीन सेमेस्टर बाद भी नहीं मिली अंकसूची
04-May-2026 5:51 PM
ठाकरे विवि, तीन सेमेस्टर बाद भी नहीं मिली अंकसूची

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 मई। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में तीन सेमेस्टर बीत जाने के बाद भी बड़ी संख्या में छात्रों की अंकसूचियां (मार्कशीट) जारी नहीं की जा सकी हैं। इसे लेकर छात्रों में नाराजगी बढ़ रही है। जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्रों ने समय पर परीक्षाएं दीं और परिणाम भी घोषित कर दिए गए। लेकिन आश्चर्यजनक रूप से अब तक उन्हें आधिकारिक अंकसूची उपलब्ध नहीं कराई गई है। कई छात्र पिछले छह से आठ महीनों से लगातार विश्वविद्यालय के चक्कर काट रहे हैं, पर हर बार उन्हें प्रक्रिया जारी है जैसे जवाब देकर लौटा दिया जाता है।

छात्रों का कहना है कि अंकसूची के अभाव में वे अन्य विश्वविद्यालयों में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय संस्थानों में एडमिशन के लिए मूल अंकसूची अनिवार्य दस्तावेज होती है, जिसके बिना आवेदन तक स्वीकार नहीं किया जा रहा। इतना ही नहीं, निजी और सरकारी नौकरियों में भी दस्तावेज सत्यापन के दौरान अंकसूची की कमी के कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया जा रहा है।

 छात्रों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा, हमने मेहनत से पढ़ाई की, परीक्षा दी, रिजल्ट आया, लेकिन अब मार्कशीट नहीं मिलने के कारण हम कहीं के नहीं रहे। यह हमारे भविष्य के साथ सीधा अन्याय है। वहीं, कुछ छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से लेने के बजाय केवल आश्वासन देने में लगा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, विश्वविद्यालय में प्रिंटिंग और डेटा प्रबंधन से जुड़ी तकनीकी खामियों के साथ-साथ प्रशासनिक ढिलाई इस समस्या की मुख्य वजह मानी जा रही है। छात्र संगठनों ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाना शुरू कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करेंगे।

फिलहाल, सैकड़ों छात्र असमंजस और निराशा की स्थिति में हैं। इस संबंध में कुलपति प्रो मनोज दयाल ने कहा कि वे अभी बस्तर दौरे पर हैं। लौटने पर छात्र उनसे मिल सकते हैं। वैसे वे रजिस्ट्रार से कह देंगे कि जारी करें।


अन्य पोस्ट