रायपुर
रायपुर, 3 मई। बढ़ती महंगाई के विरोध में रायपुर जिला शहर कांग्रेस ने रविवार शाम अंबेडकर चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री का पुतला फूंककर केंद्र और राज्य सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के चलते आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। नेताओं ने राहुल गांधी के चुनावी बयान का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव समाप्त होते ही गैस सिलेंडर और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ा दिए गए।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन और ग्रामीण अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने किया। शाम 6 बजे शुरू हुआ यह प्रदर्शन करीब तीन घंटे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
नेताओं ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में कच्चे तेल की कीमतें अधिक होने के बावजूद गैस और पेट्रोल के दाम नियंत्रित थे, जबकि वर्तमान में कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। साथ ही राज्य की विष्णु देव साय सरकार से भी चुनावी वादों को पूरा करने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने रसोई गैस की कीमतों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लेने और आम जनता को राहत देने की मांग की। इस दौरान पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, पंकज शर्मा, महापौर नंदलाल देवांगन, कन्हैया अग्रवाल और मनोज कंदोई सहित कई कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।


