रायपुर
आजाद चौक थाना में 66डी, 318 का मामला दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 मई। आजाद चौक इलाके में रविवि के रिटायर्ड टेक्रिशयन से शादी का झांसा देकर 9 लाख 50 हजार रुपए की ठगी की गई। पीडि़त मनहरण ने मामले की लिखित शिकायत थाना आजाद चौक में दर्ज कार्रवाई है।
हाण्डीपारा एचएमटी चौक निवासी 80 वर्षीय मनहरण लाल टिकरिहा, जो रविशंकर विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त टेक्निशियन हैं, ने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले उन्होंने शादी के लिए दिल्ली के एक मैरिज ब्यूरो से संपर्क किया था। इसी दौरान उसे मैरिज ब्यूरो से किसी रजनी शर्मा नामक महिला का मोबाइल नंबर दिया गया। जिस पर कॉल कर संपर्क करने पर महिला ने खुद को कोरबा निवासी होना बताया। उसने यह भी कहा कि वह रेलवे से रिटायर्ड इंजीनियर है। जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। महिला से 14 जून 2025 को पहली बार फोन पर संपर्क हुआ था। बातचीत के दौरान महिला ने शादी करने का भरोसा दिया।
इसके बाद दूसरे दिन महिला ने घर में शादी होने की बात कह 1.50 लाख रुपए की मांग की। मनहरण ने महिला की बातों में भरोसा कर बैंक के माध्यम से 1.40 लाख रुपए महिला के खाता में ट्रांसफर कर दिए। जिसके कुछ दिनों बाद एक अन्य अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि महिला का पटना में एक्सीडेंट हो गया है और इलाज के लिए 1.50 लाख रुपए लगेंगे। मनहरण ने पून: आरोपी के बताए खाता में पैसो ट्रांसफर कर दिए। इस तरह आरोपी ने अलग-अलग बहानों से 15 जून से 9 जनवरी 2026 के बीच 9.50 लाख रुपए ऐंठ लिए। जब महिला का हालचाल पूछने के लिए मनहरण ने कॉल किया तो उसका नम्बर बंद आने लगा। इसके बाद उसने कई बार नम्बर पर कॉल करने का प्रयास किया। ठगी का एहसास होने पर उसने आजाद चौक थाना जाकर अज्ञात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 66डी,318-4 का अपराध दर्ज किया है। मैरिज साईट और बताए गए मोबाइल नम्बर, खातों की जानकारी लेकर आरोपी की तलाश की जा रही है।


