रायपुर

सोलर स्ट्रीट लाइट का काम दिलाने 53 लाख की ठगी
30-Apr-2026 5:19 PM
सोलर स्ट्रीट लाइट का काम दिलाने 53 लाख की ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 अप्रैल। सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। खम्हारडीह कचना रोड स्थित सिटी ऑफ ड्रीम्स निवासी एक ठेकेदार अंकित गोयल ने इसकी शिकायत थाना में दर्ज कराई है।

अंकित गोयल ने बताया कि साल 2024 में उसकी मुलाकात नयनित खेडि़य़ा से हुई, जिसने बस्तर संभाग में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का सरकारी काम होने की जानकारी दी। बाद में आरोपी राहूल शुक्ला और उसकी पत्नी ने स्वयं को कंपनी से जुड़ा बताते हुए काम दिलाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान आरोपियों ने ग्राम पंचायतों में सोलर लाइट लगाने पर मुनाफे का लालच दिया था। जिसके लिए उन्होंने फर्जी दस्तावेज व वर्क आर्डर दिखाकर झांसे में लिया। अंकित ने उन पर भरोसा कर अलग-अलग किस्तों में 53 लाख 60 हजार रुपए व्यवसाय में लगा दिए।  जिसके बाद काम का भरोसा दिलाया गया। मार्च 2025 तक भुगतान मिलने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन समय बीतने के बाद भी कोई भुगतान नहीं हुआ। कुछ दिनों बाद जानकारी मिली कि आरोपियों के दिखाए गए दस्तावेज फर्जी हैं। जिसका किसी भी पंचायत से कोई भी वर्क आर्डर जारी नहीं हुआ है।

धोखाधड़ी का पता चलने पर जब अंकित ने आरोपियों को कॉल कर रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने पहले टालमटोल किया और बाद में पैसा लौटाने से इंकार कर दिया।  राहूल शुक्ला, उसकी पत्नी और कुछ अन्य लोगों ने मिलकर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए ठगी को अंजाम दिया। खम्हारडीह थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचना की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

ओटीपी बताते ही 5 मिनट के भीतर खाता से 58 हजार पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 अप्रैल।  एटीएम कार्ड रिनीवल करने का झांसा देकर  अज्ञात ने 58.712 रूपए  खाता से पार कर दिए। अज्ञात मोबाइल धारक ने खुद को बैंक मैनेजर बताकर व्यक्ति से धोखाधड़ी कर दी। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 318-4 का अपराध दर्ज किया है।

तेलीबांधा स्थित महाराणा प्रताप गार्डन के पास रहने वाले राकेश चौकसे, जो मोटर सायकल रिपेयरिंग का कार्य करते हैं, को 22 अप्रैल  को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को यूको बैंक का प्रबंधक बताते हुए कहा कि उनका एटीएम कार्ड पुराना हो गया है और नया बनवाने के लिए ओटीपी बताना होगा।झांसे में आकर उसने मोबाइल पर आए दो ओटीपी नंबर कॉलर को बता दिए।

इसके कुछ देर बाद उनकी पत्नी निधि चौकसे ने मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से खाता चेक किया, तो पता चला कि उनके खाते से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 58,712.38 रुपए निकाल लिए गए हैं।

इस प्रकार 5 मिनट में खाता से 49,500 रुपए और 9,212.38 रुपए उसके यूको बैंक से अन्य खाते में ट्रांसफर की गई। ठगी का एहसास होने पर राकेश ने बैंक पहुंचकर जानकारी ली और बाद में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट