रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 अप्रैल। कोलकाता से पुणे जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट ने माना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की। बताया जा रहा है कि विमान में सवार एक महिला यात्री की तबीयत अचानक बिगडऩे के कारण यह फैसला लिया गया। पायलट ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल निकटतम एयरपोर्ट रायपुर में लैंडिंग की अनुमति मांगी, जिसके बाद विमान को 12 बजे सुरक्षित उतारा गया।
कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर हलचल जरूर बढ़ गई थी, लेकिन स्थिति जल्द ही सामान्य कर ली गई।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो का विमान 6 ई 135 कोलकाता से 12 बजे टेक ऑफ कर पुणे की उड़ान पर था । तभी करीब 1 बजे बीच रास्ते में महिला यात्री को गंभीर स्वास्थ्य समस्या का सामना करना पड़ा। विमान में मौजूद क्रू मेंबर्स ने प्राथमिक चिकित्सा देने की कोशिश की, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया।
रायपुर एयरपोर्ट पर पहले से ही मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया था। जैसे ही विमान ने लैंडिंग की, तुरंत मेडिकल स्टाफ विमान के भीतर पहुंचा और बीमार यात्री को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, इमरजेंसी लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित तरीके से कराई गई ।इसके बाद विमान ने पुन: पुणे के लिए टेक ऑफ किया।


