रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 अप्रैल। राजधानी में डीडीनगर और पुरानी बस्ती इलाके में मकान और दुकान में चोरी की वारदात सामने आई है। इनमें अज्ञात चोरों ने अलग-अलग वारदातों में अज्ञात चोरों ने दुकानों और मकान को निशाना बनाते हुए 5.60 लाख का मोबाइल, कॉपर और अन्य सामान पार कर दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीडीनगर पुलिस के मुताबिक अमलीडीह निवासी प्रवीण, जो रायपुरा चौक के पास स्थित सिंह इन्फ्रावेंचर में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है, ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 25 अप्रैल की शाम स्टोर बंद कर घर चला गया था। अगले दिन सुबह एक मजदूर के फोन पर जानकारी मिली कि स्टोर का दरवाजा टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचकर देखा तो दरवाजे का कुंदा टूटा हुआ था। अंदर से करीब 3.50 लाख रुपए कीमत के कॉपर केबल, ज्वाइंटिंग किट, अर्थिंग रॉड, नोजल सेट और एलईडी लाइट गायब थे। अज्ञात चोरों ने वहां चोरी को अंजाम दिया।
दूसरी घटना पुरानी बस्ती के भाठागांव स्थित व्हाइट वुड इटालिया कॉलोनी में किराये से रहने वाले युवकों के घर में चोरी हो गई। पीडि़त कोणाल चौधरी ने बताया कि 25 की रात सभी दोस्त खाना खाकर सो गए थे और दरवाजा अंदर से बंद नहीं किया गया था। सुबह उठने पर देखा कि कमरे में रखे महंगे मोबाइल फोन, एक आईपैड और 5 हजार रुपए नगद गायब हैं। चोरी गए सामान में आईफोन 17 प्रो, वीवो और सैमसंग कंपनियों के कई मोबाइल सहित कुल करीब 2.40 लाख रुपए का सामान शामिल है।


