रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अप्रैल। राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मारपीट के मामले सामने आए हैं। इस दौरान गाली-गलौज, धमकी और लाठी-डंडों से हमला किया गया। पुलिस ने सभी मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आजाद चौक के हांडीपारा सतबहनिया मंदिर के पास रहने वाले हनुमंत ने शिकायत दर्ज कराई है कि 25 अप्रैल की रात करीब 1.30 बजे वह अपने घर के बाहर खाना खा रहा था। इसी दौरान पड़ोसी गणेश निषाद और उसका बेटा छोटू निषाद वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, वहीं छोटू निषाद ने लोहे की रॉड से हमला किया। इस घटना में हनुमंत के हाथ और कमर में चोटें आई हैं।
उधर मंदिर हसौद इलाके में भी मारपीट का मामला सामने आया है। धन्नू ने शिकायत में बताया कि 27 अप्रैल को अमर सोनवानी ने उसके रिश्तेदार ईतवारी कोसले के साथ पहले मारपीट की थी। इसके बाद रात करीब 8.20 बजे जब वह अपनी पत्नी से इस मामले को लेकर बात कर रहा था, तभी लकेश्वर सोनवानी, गौरी सोनवानी और अमर सोनवानी वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। तीनों ने मिलकर धन्नू पर हाथ, मुक्कों से हमला कर दिया। विवाद के दौरान तीनों में से एक ने वहीं पास पड़े कुदाली के बेंट से सिर पर वार कर दिया। झगड़ा होता देख बीच-बचाव करने आई उसकी भांजी के साथ भी मारपीट किया गया।
इधर अभनपुर थाना के बेलभाठा अटल आवास में आपसी विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। इस मामले में पुलिस ने काउंटर रिपोर्ट दर्ज किया है। दोनों पक्षों से पूछताछ कर आरोपी पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की गई।
सूर्यप्रकाश तिवारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 अप्रैल की दोपहर 2 बजे कमलनारायण मिश्रा और उसके बेटे वेदांत मिश्रा ने गार्डन में कचरा जलाने की बात को लेकर विवाद किया। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए सूर्यप्रकाश और उसके पिता ईश्वर प्रसाद तिवारी के साथ मारपीट की। इस दौरान उसके पिता के साथ डण्डे से मारपीट की गई। इस हमले में उसके सिर और कंधे पर डंडे से वार किया गया। तीनों मामलों में पुलिस ने शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।


