रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 अप्रैल। शहर जिला कांग्रेस में पूर्व पार्षद अजीत कुकरेजा द्वारा ब्लॉक अध्यक्ष को पद छोडऩे के लिए दबाव बनाने का मामला प्रकाश में आया है। ब्लॉक अध्यक्ष ने इसकी शिकायत प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से की है। ब्लॉक अध्यक्ष के समर्थन में कई सामाजिक नेता भी आगे आए हैं।
जिला कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष कमल धृतलहरे ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से शिकायत की है कि पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजीत कुकरेजा उन्हें पद छोडऩे के लिए दबाव बना रहे हैं। कुकरेजा का बर्ताव काफी खराब है।
कमल धृतलहरे की नियुक्ति 4 माह पहले ही हुई है, और कहा जा रहा है कि कुकरेजा उन्हें पद से हटाने के लिए एड़ीचोटी का जोर लगा रहे हैं।
कमल के समर्थन में प्रगतिशील सतनामी समाज भी आगे आया है। संगठन के शहर जिला अध्यक्ष मनोज बंजारे ने कमल धृतलहरे को मानसिक रूप से प्रताडि़त किए जाने का विरोध किया है। इस पूरे मामले में कमल धृतलहरे ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि अजीत कुकरेजा कई वरिष्ठ नेताओं के सामने में उनसे अभद्रता कर चुके हैं। वो पद छोडऩे के लिए कह रहे हैं। इस पूरे मामले से प्रदेश अध्यक्ष बैज और शहर जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन को भी अवगत कराया गया है।
दूसरी तरफ, अजीत कुुकरेजा ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में ब्लॉक अध्यक्ष के आरोपों को खारिज किया, और कहा कि उन्होंने कोई दबाव नहीं बनाया है। एक बार प्रभारी महामंत्री के कक्ष में जरूर फटकार लगाई थी कि ब्लॉक की बैठक में सभी लोगों को सूचना क्यों नहीं देते। हम सभी का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना है। इस पूरे मामले में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि ब्लॉक अध्यक्ष की शिकायत उन तक नहीं आई है। प्रदेश अध्यक्ष के पास शिकायत करने की सूचना मिली है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व पार्षद अजीत कुकरेजा विधानसभा चुनाव में पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़े थे। उन्हें निष्कासित कर दिया गया था। लोकसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी में वापिसी हो गई। पार्टी का एक खेमा उन्हें कांग्रेस में लेने के खिलाफ रहा है। बहरहाल, यह विवाद बढ़ सकता है।


