रायपुर

ग्रीष्म लहर,व्यापमं ने प्रतियोगी परीक्षाओं का समय बदला
19-Apr-2026 8:25 PM
ग्रीष्म लहर,व्यापमं ने प्रतियोगी परीक्षाओं का समय  बदला

6464 ने नहीं दी परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 अप्रैल। प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी, हीट वेव को देखते हुए व्यापमं ने प्रतियोगी परीक्षाओं के समय में बदलाव कर दिया है।  आगामी सभी परीक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएंगी। पहले परीक्षा का समय 11 से 1.15 बजे तक निर्धारित किया गया था। दोपहर की पाली को पूरी तरह समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। इससे परीक्षार्थियों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। रविवार को भी परिवहन आरक्षक परीक्षा पूर्व निर्धारित समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक ली गई । इसके बाद नई समय-सारिणी लागू की जाएगी। परिवहन आरक्षक परीक्षा में पूरे प्रदेश में 1.14 लाख से अधिक अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 63 फीसदी ही उपस्थित हुए यानी 42180 लोगों ने परीक्षा नहीं दी। वहीं  राजधानी के 49 केन्द्रों में 15844 परीक्षार्थियों में से  9380 शामिल हुए। 6464 ने परीक्षा नहीं दी। परीक्षार्थियों ने बताया प्रश्नपत्र सामान्य सा था। तैयारी की वजह से 90 से 95 प्रतिशत प्रश्न हल कर सके। उलझाने वाले 4 से 5 प्रश्न ही थे। परीक्षार्थियों के लिए हल्के रंग की आधी बांह की शर्ट और स्लीपर पहनना अनिवार्य है। महिला अभ्यर्थियों को कान के आभूषण (जैसे झुमके) पहनने की अनुमति नहीं होगी, हालांकि मंगलसूत्र सहित गले के आभूषण पहन सकेंगी।


अन्य पोस्ट