रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 अप्रैल। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने नवा रायपुर स्थित सभी शासकीय कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों की समस्या पर संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, को पत्र प्रेषित किया है।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान में नवा रायपुर में कार्यरत शासकीय सेवकों को मेडिकल बिल पारित कराने जिला चिकित्सालय पंडरी, रायपुर जाना पड़ता है, जो कि काफी दूर स्थित है। कार्यालयीन समय में वहां तक आवागमन करना कर्मचारियों के लिए अत्यंत कठिन एवं समयसाध्य है, जिससे शासकीय कार्य भी प्रभावित होता है।
फेडरेशन ने यह भी बताया कि इस व्यवस्था के कारण कर्मचारियों को अनावश्यक मानसिक एवं शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
फेडरेशन ने संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं से मांग की है कि नवा रायपुर स्थित किसी शासकीय चिकित्सक अथवा चिकित्सालय को मेडिकल बिल पारित करने अधिकृत किया जाए, ताकि कर्मचारियों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधा उपलब्ध हो सके।