रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अप्रैल। कबीर नगर इलाके में खुद को एम्स का डॉक्टर बताने वाले एक युवक पर फर्जी पहचान और धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। रूझान जायसवाल 28 जो कबीर नगर स्थित अविनाश आशियाना में रहता हैं और एनआईटी रायपुर में स्टार्टअप संचालित करता है ने थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया है।
उसने बताया कि आठ माह पूर्व पड़ोस के फ्लैट में रहने वाले आदित्य अग्निहोत्री उर्फ आदित्य मिश्रा से उनका परिचय हुआ। व्यक्ति स्वयं को एम्स रायपुर का डॉक्टर और शेयर मार्केट ट्रेडर बताता था। इस दौरान दोनों के बीच परिचय बढ़ा और घर आना-जाना शुरू हो गया।
अक्टूबर 2025 में आरोपी ने मेडिकल काउंसिल रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेज लेने के नाम पर एक एफिडेविट दिखाया। इसके बाद आरोपी बार-बार पैसों की मांग करता था। विश्वास में आकर रूझान ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से लगभग 15 से 20 हजार रुपए उसे दे दिए। जिसे उसने अब तक वापस नहीं किया।
रूझान ने शिकायत में बताया कि आरोपी के बैंक खातों में नाम अलग-अलग थे। जबकि वह उन्हें अपना ही खाता बताता था। शक होने पर जान पहचान होने का फायदा उठाकर उसके दस्तावेज चेक किए, तो सामने आया कि आरोपी के पास दो आधार कार्ड हैं, जिनमें एक पर नाम आदित्य अग्निहोत्री और दूसरे पर श्रीधर राउत दर्ज है। रूझान ने किसी किसी संदिग्ध गतिविधि होने के शक में इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने 318-4 का अपराध दर्ज किया है। संदेह के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।


