रायपुर

महिला आरक्षण को मंजूरी के बाद भाजपा का नारी शक्ति वंदन अभियान
10-Apr-2026 7:28 PM
महिला आरक्षण को मंजूरी के बाद भाजपा का नारी शक्ति वंदन अभियान

मंत्री राजवाड़े समेत पांच सदस्य बनाए गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 अप्रैल। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को  संसद, विधानसभा और अन्य निर्वाचित संस्थाओं में महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दी। और इसे अब 15-16 अप्रैल को संसद के विशेष सत्र में पारित कराने की तैयारी है। इसके बाद भाजपा पूरे देश में महिलाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाएगी। पार्टी ने नारी शक्ति वंदन अभियान का नाम दिया है। इसके लिए राज्य की महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को संयोजक बनाकर 5 सदस्यों की समिति गठित की है। इसमें दो पुरूष सदस्य भी लिए गए हैं। इनमें सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, महामंत्री यशवंत जैन, सतीश लाटिया, श्रीमती विभा अवस्थी शामिल हैं।

दूसरी ओर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 अप्रैल को लोकसभा के पटल में महिला आरक्षण बिल लेकर आ रहे हैं जो महिलाओं के राजनीतिक सशक्तीकरण की दिशा में अहम कदम है और इससे महिलाओं के जीवन में बहुत बड़ा परिवर्तन आएगा। सुश्री उसेण्डी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना केवल प्रतिनिधित्व का विषय नहीं है, यह हमारे लोकतंत्र को अधिक संवेदनशील, अधिक संतुलित और अधिक उत्तरदायी बनाने का प्रयास है।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री उसेण्डी ने कहा कि सितंबर 2023 में संसद ने सर्वसम्मति से नारी शक्ति वन्दन अधिनियम पारित किया गया। 2029 के लोकसभा चुनाव और आने वाले समय में राज्यों के विधानसभा चुनाव महिला आरक्षण के प्रावधानों के साथ कराए जाने की योजना इस बिल के माध्यम से लागू की जाएगी। इस बिल के पारित होते ही महिलाओं को जनप्रतिनिधि के तौर पर 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। सुश्री उसेण्डी ने कहा कि प्रदेश में 2003 में डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनी और तब से लेकर आज तक प्रदेश में भाजपा सरकार ने महिला सशक्तीकरण की मिसाल प्रस्तुत की है। भाजपा की सरकार ने सर्वप्रथम महिलाओं को राशन कार्ड के माध्यम से घर की मुखिया के रूप में महत्वपूर्ण स्थान दिया। छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव में 50 प्रतिशत महिलाओं को स्थान दिया गया है।


अन्य पोस्ट