रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अप्रैल। ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ क्राइम ब्रांच की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सट्टा एप से जुड़े सक्रिय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में सट्टा किंग समेत कुल 5 सटोरियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मंजीत सिंह, सट्टा किंग रोहित मोटवानी उर्फ रोहित सिंधी, आकाश टीटू और राजा साहू सहित कुल पांच लोग शामिल हैं। यह सभी लंबे समय से ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों में सक्रिय थे और महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के माध्यम से पैसों का लगातार लेन-देन कर रहे थे। पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क के पकड़े जाने के बाद सट्टा कारोबार से जुड़े रसूखदारों पर भी असर पड़ा है।
क्राइम ब्रांच की टीम ने गुढिय़ारी क्षेत्र में छापेमारी कर यह कार्रवाई की। मौके से पुलिस ने 5 से अधिक मोबाइल फोन, लगभग 10 लाख रुपए नकद और करोड़ों रुपए के सट्टा कारोबार से जुड़े लिखित हिसाब-किताब बरामद किए हैं।
आरोपी ऑनलाइन माध्यम से देशभर में फैले नेटवर्क के जरिए सट्टा संचालन कर रहे थे। इस मामले में गुढिय़ारी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।


