रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अप्रैल। सीएम विष्णु देव साय तीन दिन के दिल्ली प्रवास के बाद गुरुवार सुबह रायपुर लौट आए। एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में उन्होंने बताया कि इस प्रवास में उनकी पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री छत्तीसगढ़ के प्रभारी शिवप्रकाश से मुलाकात हुई।
साय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात का अवसर मिला। इस दौरान प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से नक्सलवाद की समस्या से मुक्ति दिलाने हेतु उनका आभार व्यक्त किया एवं बस्तर के सर्वांगीण विकास के लिए विस्तृत रोडमैप भी प्रस्तुत किया। देश की जनता का विश्वास एनडीए और प्रधानमंत्री के साथ है। असम सहित सभी राज्यों में हमारी स्थिति बहुत अच्छी है। निश्चित ही सभी राज्यों में हमारी सरकारें बनेंगी।
साय ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए संसद का विशेष सत्र आहूत किया जा रहा है। इस अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का मार्ग प्रशस्त होगा। हम इसका स्वागत करते हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन और संयुक्त महासचिव (संगठन) शिवप्रकाश से भेंट में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।