रायपुर

हमारे संस्कृत कॉलेज में 200 साल पुरानी ताम्रपत्र में लिखी पांडुलिपियां
09-Apr-2026 8:30 PM
हमारे संस्कृत कॉलेज में 200 साल पुरानी ताम्रपत्र में लिखी पांडुलिपियां

कुछ को तो लैंस से पढऩा पड़ता है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 अप्रैल। हमारे रायपुर के ऐतिहासिक शासकीय संस्कृत कॉलेज ने 200 साल पुरानी ऐतिहासिक महत्व की पाण्डुलिपियों एवं ताम्रपत्रों का संग्रह किया है। इनमें से कुछ को तो मैग्निफाइंग लैंस से पढऩा पड़ता है।

कॉलेज के लाईब्रेरियन डॉ. सुनील कुमार सोनी ने इन विभिन्न पाण्डुलिपियों के विषय में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संहिता वेद वेदों में सबसे प्राचीन तथा मूल भाग है जिसमें देवताओं की स्तुति, छन्दोबद्ध मंत्र, श्लोकों का संग्रह है।

डॉ. सोनी ने पुन्याह वाचन मातृका की जनकारी देते हुए बताया कि यह हिन्दु धर्म के अनुसार किसी भी शुभ कार्य को प्रारंभ करने के लिए देवी पूजन का प्रावधान है, इसी के माध्यम से लोगों द्वारा अपने पूर्वजों का ध्यान कर उनकी पूजा कर आशीर्वाद लिया जाता है तत्पश्चात् कार्य आरंभ किया जाता है इस पाण्डुलिपि में उन्हीं पूजा, विधि, मंत्रों एवं अनुष्ठान के बारे में बताया गया है। यह पाण्डुलिपियाँ कागज पर लिखी गई हैं। उन्होंने ने बताया कि ये सभी पाण्डुलिपियां लगभग 200 वर्ष पुरानी हैं, जिन्हें दूधाधारी मठ से एकत्रित कर संरक्षित किया गया है।

उन्होंने ताड़पत्र पर लिखी गई पाण्डुलिपि इति तर्क संग्रह दीपिका के बारे में बताया कि इस पाण्डुलिपि में न्याय और वैशेषिक दर्शन के सिद्धांतों का संक्ष्प्ति परिचय प्राप्त होता है। तर्क संग्रह के मूल ग्रंथ में जिन सिद्धांतों को लिखा गया था, उसकी विस्तृत आलोचना होने के कारण उन सिद्धांतों का संशोधन रूप तर्क संग्रह दीपिका लिखा गया, इन्हीं सिद्धान्तों को ताड़पत्र पर लिखा गया है। उन्होंने बारह राशियों के प्रतीक चिन्ह, उनकी विशेषताएं इत्यादि का वर्णन संक्षेप में बताया जिसे ताड़पत्र पर उकेरकर लिखा गया है।

 भारत सरकार के ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ के अंतर्गत कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और अन्य अधिकारियों ने बुधवार को कालेज जाकर इनका अवलोकन किया। इससे पहले मंगलवार को कलेक्टर ने शासकीय संस्कृत कॉलेज के प्राचार्य एवं (संरक्षक) डॉ.सीमा शुक्ला एवं शासकीय संस्कृत कॉलेज के ग्रंथपाल (सर्वेयर)  सुनील सोनी को  पांडुलिपि सर्वेक्षण कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर उत्साहवर्धन किया।


अन्य पोस्ट