रायपुर

हिट एंड रन पीडि़तों को 2 लाख से 50 हजार तक मिलेगा मुआवजा
09-Apr-2026 7:09 PM
हिट एंड रन पीडि़तों को 2 लाख से  50 हजार तक मिलेगा मुआवजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 अप्रैल। केंद्रीय सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की हिट एंड रन मोटरयान दुर्घटना मुआवजा योजना के तहत अज्ञात वाहन से होने वाली सडक़ दुर्घटनाओं के पीडि़तों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य दुर्घटना से प्रभावित परिवारों और घायलों को त्वरित राहत उपलब्ध कराना है।

परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने नागरिकों से अपील की कि दुर्घटना की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए योजना का लाभ उठाएं।

यह योजना न केवल आर्थिक सहायता प्रदान करती है, बल्कि कठिन समय में पीडि़त परिवारों को संबल भी देती है। योजना के अनुसार, हिट एंड रन दुर्घटना में मृत्यु होने पर मृतक के परिजनों को 2 लाख रूपए तथा गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपए की मुआवजा राशि दी जाती है। यह राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जमा की जाती है।

 इस योजना के तहत मृतक के पति/पत्नी, माता- पिता, पुत्र या पुत्री आवेदन कर सकते हैं। वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्ति स्वयं भी आवेदन करने के पात्र हैं।

पीडि़त या उनके परिजनों को सबसे पहले नजदीकी पुलिस थाने में दुर्घटना की सूचना देनी होती है। इसके बाद निर्धारित आवेदन पत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित एसडीएम कार्यालय में जमा करना होता है। सत्यापन के बाद मुआवजा राशि सीधे बैंक खाते में भेज दी जाती है।

 आवेदन के लिए एफआईआर की प्रति, पोस्टमार्टम रिपोर्ट या चिकित्सकीय प्रमाणपत्र, पहचान एवं पता प्रमाण पत्र, संबंध प्रमाण पत्र तथा बैंक पासबुक की प्रति आवश्यक होती है।


अन्य पोस्ट