रायपुर

13 रूपए का बिजली बिल जमा कराकर 7 लाख ठगे
08-Apr-2026 7:07 PM
13 रूपए का बिजली बिल जमा कराकर 7 लाख ठगे

लिंक भेजा फिर मोबाइल हैक खाते से निकाली रकम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 अप्रैल। देवेन्द्र नगर इलाके में रहने वाले एक युवक के साथ साइबर ठगी हो गई। जहां ठगों ने खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताकर उससे 7 लाख रुपए से अधिक रूपए ठग लिए। पीडि़त डेनिश जो सेक्टर-2 ई-12 में किराए के मकान रहता है। उसने ने इसकी शिकायत देवेंद्र नगर थाना में दर्ज कराई है।

 डेनिश ने पुलिस को बताया कि उसने नया बिजली मीटर लगवाने के लिए दलदल सिवनी मोवा स्थित बिजली विभाग में आवेदन किया था।  जिसके लिए उसके पास 4 अप्रैल की सुबह करीब 8.20 बजे किसी अज्ञात नम्बर से कॉल आया था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताया और मीटर इंस्टॉलेशन प्रक्रिया पूरी करने के लिए जानकारी दी।

इसके लिए ठग ने डेनिश को एक अन्य नंबर से व्हाट्सएप कॉल करने की बात कही और फिर मोबाइल पर एक लिंक भेजा। उस लिंक पर छत्तीसगढ़ बिजली विभाग का लोगो दिखाई दे रहा था, जिससे डेनिश को वह असली लगा। ठग ने उसे मात्र 13 रुपए का बिल भुगतान करने के लिए कहा। जैसे ही डेनिश ने उस लिंक को ओपन किया इसके बाद उसका मोबाइल फोन हैक हो गया। ठगों ने उसके बैंक खातों से कई ट्रांजेक्शन कर 7,02,472.82 रुपए की ठगी कर दी। जब डेनिश को खाते से रकम कटने की जानकारी हुई तो उसने ठगी होने के शक में उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट