रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 अप्रैल। ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत जिले में पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य प्राचीन पांडुलिपियों, ताड़पत्रों एवं हस्तलिखित ग्रंथों का संरक्षण एवं दस्तावेजीकरण करना है, ताकि देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखा जा सके।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से जिले के विभिन्न भागों में स्थित प्राचीन पांडुलिपियों का सर्वेक्षण किया जाएगा। जिससे इनका उपयोग शोध एवं अध्ययन के लिए किया जा सके। इस अभियान के तहत शासकीय संस्कृत कॉलेज के प्राचार्य एवं (संरक्षक) डॉ.सीमा शुक्ला एवं शासकीय संस्कृत कॉलेज के ग्रंथपाल (सर्वेयर) सुनील सोनी को कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर उत्साहवर्धन किया। और बुधवार को शासकीय संस्कृत महाविद्यालय में पहुंचकर प्राचीन पांडुलिपियों का अवलोकन किया। डॉ. सिंह ने इतिहास का रमेन्द्र नाथ मिश्र के निवास भी गए, और उनके पास उपलब्ध पांडुलिपियों का अवलोकन किया। उनके साथ निगम आयुक्त विश्वदीप, सीईओ जिला पंचायत कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम श्री नंदकुमार चौबे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जनगणना कार्य, राशन दुकान का निरीक्षण किया
कलेक्टर डॉक्टर गौरव सिंह राजधानी के डी.डी. नगर क्षेत्र में जनगणना कार्य का भी निरीक्षण किया।फिर राशन दुकान का निरीक्षण कर हितग्राहियों को समय पर राशन जाने के निर्देश दिए। वहां से वे चंगोराभाठा क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान सडक़ किनारे निर्माणाधीन भवन की सामग्री सडक़ पर पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई।
कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सामग्री जप्त करने तथा संबंधित मकान मालिक और ठेकेदार पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।