रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नई दिल्ली, 7 अप्रैल। बिलासपुर की हवाई सुविधाओं को लेकर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के प्रतिनिधि अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव ने एयरलाइन कंपनी एलायंस एयर के मुख्यालय में सीईओ राजर्षि सेन से मुलाकात की। इस दौरान अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुलाकात में बिलासपुर से दिल्ली के लिए देर शाम सीधी उड़ान शुरू करने तथा हैदराबाद के लिए व्यावसायिक उड़ान प्रारंभ करने की मांग रखी गई।
प्रतिनिधि सुदीप श्रीवास्तव ने कहा कि बिलासपुर और रायपुर दोनों राज्य के प्रमुख केंद्र हैं, लेकिन हवाई सुविधाओं के मामले में बिलासपुर में संभावनाएं होने के बावजूद अपेक्षित विस्तार नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि बिलासपुर के आसपास छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कई जिले स्थित हैं, जिससे यहां उड़ानों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता है।
हैदराबाद के लिए उड़ान की मांग को लेकर उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के कारण दक्षिण भारत से जुड़े लोगों की आवाजाही अधिक है, जिससे इस मार्ग पर उड़ान शुरू करना उपयोगी होगा।
इस पर राजर्षि सेन ने आश्वासन दिया कि नाइट लैंडिंग सुविधा के तहत बिलासपुर से दिल्ली के लिए देर शाम उड़ान शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, प्रयागराज के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
हैदराबाद उड़ान के संबंध में अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में यह राज्य सरकार की सब्सिडी पर निर्भर है, लेकिन भविष्य में परिस्थितियां अनुकूल होने पर इस पर निर्णय लिया जा सकता है।