रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 अप्रैल। उरला में हत्या का मामला सामने आया है। कुम्हारी स्थित गर्ग एग्रो इंडस्ट्रीज एंड कोल्ड स्टोरेज के सर्वेंट क्वार्टर में रवि-सोम की दरमियानी रात बुजुर्ग कर्मी ने अपने ही साथी की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक घटना 5 अप्रैल रात 11 बजे से 6 अप्रैल के बीच की है। यहां काम करने वाले रमाकांत तिवारी 60 वर्ष निवासी सतना और संतोष सोनवानी 40 वर्ष, निवासी महासमुंद एक ही परिसर में रहते थे। बताया जा रहा है कि रविवार रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी और खाना खाया। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद जब संतोष अपने कमरे में सोने चला गया, तब आरोपी रमाकांत तिवारी ने उस पर हमला कर दिया। बताया गया है कि आरोपी ने पहले पेचकस से हमला किया, फिर लोहे के पाइप से सिर पर वार कर संतोष की हत्या कर दी।
उरला पुलिस ने मामले में धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।