रायपुर

आरटीई में प्रवेश न देने वाले निजी स्कूलों की मान्यता होगी रद्द
07-Apr-2026 7:06 PM
आरटीई में प्रवेश न देने वाले निजी स्कूलों की मान्यता होगी रद्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 अप्रैल। स्कूल शिक्षा विभाग ने  आज कड़ा बयान जारी किया है कि यदि कोई निजी विद्यालय आर.टी.ई. के तहत प्रवेश देने से इंकार करता है या प्रक्रिया में व्यवधान डालता है, तो राज्य शासन उनके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा। इसमें विद्यालय की मान्यता समाप्त करने तक का प्रावधान शामिल है।

विभाग ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009, अप्रैल 2010 से प्रभावी है। इसके अंतर्गत प्रदेश के गैर-अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों की प्रारंभिक कक्षाओं में 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं। इन सीटों पर आर्थिक रूप से कमजोर, दुर्बल वर्ग और वंचित समूह के बच्चों को उनके निवास क्षेत्र के भीतर प्रवेश दिलाया जाता है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब बच्चों की शिक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और सभी के लिए शिक्षा सुनिश्चित करने हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

 शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत निजी स्कूलों को नर्सरी या कक्षा 1 में 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित करना अनिवार्य है। इसके बदले राज्य सरकार प्रति बच्चा व्यय के आधार पर स्कूलों को प्रतिपूर्ति राशि का भुगतान करती है। यह राशि सरकारी स्कूल में प्रति बच्चे पर होने वाले खर्च या निजी स्कूल की वास्तविक फीस (दोनों में से जो भी कम हो) के आधार पर निर्धारित की जाती है।

छत्तीसगढ़ में शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि कई पड़ोसी राज्यों की तुलना में बेहतर या उनके समकक्ष है। प्रदेश में वर्ष 2011-12 से ही कक्षा 1 से 5 तक 7000 रूपए और कक्षा 6 से 8 तक 11 हजार 400 रूपए वार्षिक प्रतिपूर्ति राशि निर्धारित है। तुलनात्मक रूप से देखें तो मध्य प्रदेश में 4,419 रूपए बिहार में 6,569 रूपए, झारखंड में 5,100 रूपए और उत्तर प्रदेश में 5,400 रूपए वार्षिक दिए जाते हैं। यद्यपि ओडिशा, राजस्थान, महाराष्ट्र और कर्नाटक में यह राशि अधिक है, किंतु समग्र मूल्यांकन में छत्तीसगढ़ की प्रतिपूर्ति राशि संतुलित और उचित है।

वर्तमान में राज्य के 6,862 निजी विद्यालयों में आर.टी.ई. के माध्यम से लगभग 3,63,515 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इस वर्ष भी कक्षा पहली की लगभग 22,000 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया जारी है। चूंकि सभी निजी विद्यालयों को आर.टी.ई. अधिनियम के प्रावधानों के तहत ही मान्यता दी गई है, अत: यह उनकी वैधानिक जिम्मेदारी है कि वे निर्धारित सीटों पर प्रवेश सुनिश्चित करें।

कांग्रेस ने डीईओ को घेरा

शहर जिला कांग्रेस के नेता कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय घेराव किया। वे  गरीब बच्चों को आर टी ई के तहत नर्सरी से एडमिशन दिलाने की मांग कर रहे थे।

कांग्रेस का कहना है कि शिक्षा के अधिकार अधिनियम 2009 के तहत गरीब बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक नि:शुल्क शिक्षा दिया जाता है जिसे अब समाप्त कर नर्सरी के स्थान पर तीन क्लास बाद कक्षा 1 से करने का कार्य बीजेपी सरकार कर रही है।  इसके विरोध में शहर  अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन  के नेतृत्व में टैगोर नगर स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय घेराव किया । इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात थे। कांग्रेसियों ने अपनी मांगों का  एक ज्ञापन डीईओ हिमांशु भारती को सौंपा। इस प्रदर्शन में प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा, कुलदीप जुनेजा, कन्हैया अग्रवाल भी शामिल हुए।

 

निजी स्कूलों ने कहा -असहयोग जारी रहेगा

रायपुर, 7 अप्रैल। आरटीई के तहत एडमिशन न देने को लेकर  स्कूल शिक्षा विभाग की चेतावनी पर  निजी स्कूलों संचालकों ने भी कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। उन्होंने कहा कि विभाग ने  धमकाने के लिए दिगभ्रमित करने का प्रयास मीडिया में किया गया है। प्रायवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने कहा है कि देश के बाकी राज्यों की राशि जिसका उल्लेख राज्य का स्कूल शिक्षा विभाग नहीं कर रहा है। हम प्रतिपूर्ति राशि को बढ़ाने के लिए सभी संवैधानिक पहलुओं पर काम कर रहे हैं । असहयोग आंदोलन जारी रहेगा, स्कूल स्कूल शिक्षा विभाग अगर मान्यता रद्द करता है तब भी छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन असहयोग आंदोलन से पीछे नहीं हटेगा।


अन्य पोस्ट