रायपुर

अब आदेश, परिपत्र के मूल भाग में ही अफसर अपने हस्ताक्षर पृष्ठांकित करेंगे
06-Apr-2026 6:43 PM
अब आदेश, परिपत्र के मूल भाग में ही अफसर अपने हस्ताक्षर पृष्ठांकित करेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 अप्रैल। राज्य शासन के अधिकारियों को अब किसी भी आदेश परिपत्र के मूल भाग ही अपने हस्ताक्षर पृष्ठांकित करना होगा।सामान्य प्रशासन विभाग ने  आज इस संबंध में सभी  विभाग, अध्यक्ष राजस्व मंडल, विभागाध्यक्षों संभागायुक्तों और  कलेक्टरों को दिशा निर्देश जारी किया है । ऐसा ई-आफिस में आ रही तकनीकी समस्या को देखते हुए लिया गया है।

सचिव जीएडी ने कहा है कि शासन के विभागों एवं विभिन्न शासकीय कार्यालयों द्वारा जारी किए जाने वाले कार्यालयीन ज्ञापन / परिपत्र/पत्र/आदेश आदि के पृष्ठांकित प्रति में भी सक्षम अधिकारी द्वारा हस्ताक्षर किए जाने की प्रथा प्रचलित है। वर्तमान में राज्य के कार्यालयों में ई-ऑफिस के माध्यम से समस्त शासकीय कार्य संपादित किए जा रहे है, जिसमें तकनीकी कारणों से एक ही अधिकारी द्वारा दो स्थानों पर हस्ताक्षर किया जाना संभव नहीं है। प्रचलित शासकीय प्रक्रिया एवं अभिलेखीय परंपरा के अनुसार पृष्ठांकित प्रति केवल सूचना एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए प्रेषित की जाती है। साथ ही डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेजों में किया गया हस्ताक्षर संपूर्ण दस्तावेज को प्रमाणित करता है।

अत: पृष्ठांकित प्रति पर पृथक हस्ताक्षर की आवश्यकता नहीं है। इसे देखते हुए शासन द्वारा यह निर्णय लिया है कि शासकीय पत्रों के मूल भाग पर ही सक्षम प्राधिकारी द्वारा विधिवत डिजिटल/भौतिक हस्ताक्षर किया जाना पर्याप्त एवं मान्य होगा।


अन्य पोस्ट