रायपुर
रायपुर, 6 अप्रैल। केंद्रीय संचार (डाक) विभाग ने बीते जनवरी में छत्तीसगढ़ परिमंडल के दो डाक संभागो का रिस्ट्रक्चरिंग (पुनर्सरचना) किया था । इनमें बिलासपुर को क्लास वन और दुर्ग को क्लास टू डाक संभाग बनाया गया। बिलासपुर डाक संभाग में बीएल जांगड़े के वरिष्ठ डाक अधीक्षक (एसएसपी) पदस्थ किए गए हैं। वे अब तक दुर्ग संभाग में रहे हैं। इस पुनर्संरचना का एक प्रस्ताव बीते नवंबर 25 में तत्कालीन मुख्य पोस्टमास्टर जनरल सुवेंदु स्वाईं ने भेजा था। जो इस समय पदोन्नत होकर डाक बोर्ड दिल्ली में सदस्य बनाए गए हैं। इस प्रस्ताव को डाक विभाग ने मंजूर किया था । जानकारों के मुताबिक करीब 40-45 वर्ष बाद बिलासपुर डाक संभाग को प्रोन्नत किया गया है। यह डाक संभाग 1980 के दशक में गठित किया गया था जहां अब तक क्लास टू अधिकारी अधीक्षक पदस्थ किए जाते रहे हैं। अब क्लास 1 होने से यहां आईपीएस या डाक सेवा के सबसे वरिष्ठ अधिकारी पदस्थ होंगे। इधर इसके साथ दुर्ग संभाग को क्लास 1 से पदावनत (डाउनग्रेड) कर क्लास 2 किया गया है। ऐसा, राजनांदगांव में नया डाक संभाग शुरू होने के बाद दुर्ग के सिमटे कार्य क्षेत्र को देखते हुए किया जाना बताया गया है। इस तरह से छत्तीसगढ़ में रायपुर, बिलासपुर दो डाक संभाग क्लास 1 श्रेणी के होंगे। वहीं सरगुजा, रायगढ़, दुर्ग, राजनांदगांव और जगदलपुर क्लास 2 श्रेणी के। श्री जांगड़े, जल्द निदेशक पदोन्नत होने जा रहें हैं।